देश की खबरें | गुजरात: बोरवेल में गिरी बच्ची, पांच घंटे बाद सुरक्षित रूप से निकाल ली गई

सुरेंद्रनगर (गुजरात), 29 जुलाई गुजरात में सुरेंद्रनगर जिले के एक गांव में शुक्रवार को 12 साल की एक बच्ची बोरवेल में गिर गई और 60 फुट की गहराई में फंस गई थी, लेकिन करीब पांच घंटे बाद उसे सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बच्ची की पहचान मनीषा के रूप में की गयी है। वह ध्रांगधरा तालुका के गजनवाव गांव में सुबह साढ़े सात बजे एक बोरवेल में गिर गई थी, जो 500 से 700 फुट गहरा था।

ध्रांगधरा (तालुका) की पुलिस निरीक्षक टी बी हिरानी ने बताया, ''लेकिन सेना के जवानों ने स्थानीय स्वास्थ्य और पुलिस कर्मियों की मदद से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रूप से निकाल लिया।''

उन्होंने बताया कि बच्ची 500 से 700 फुट गहरे बोरवेल में करीब 60 फुट की गहराई में फंसी हुई थी।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के दौरान उसे ऑक्सीजन आपूर्ति की गई। कैमरे की मदद से लड़की की स्वास्थ्य की स्थिति निगरानी की जा रही थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बोरवेल से बाहर निकाले जाने के बाद, बच्ची को ध्रांगधरा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व दो जून को दो वर्षीय एक बच्चा ध्रांगधरा के एक खेत में बोरवेल में गिर गया था। उचे बचाने के लिए सेना के जवानों को बुलाया गया था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे बोरवेल से बाहर निकाला गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)