देश की खबरें | गुजरात : अमूल ब्रांड को ‘बदनाम’ करने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के गांधीनगर शहर में फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट के जरिए अमूल के दूध में यूरिया होने का कथित दावा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद, पांच जुलाई गुजरात के गांधीनगर शहर में फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट के जरिए अमूल के दूध में यूरिया होने का कथित दावा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह प्राथमिकी मंगलवार को अडालज पुलिस थाने में दर्ज की गई थी, लेकिन इस संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) की उत्पादन इकाई अमूलफेड के वरिष्ठ बिक्री प्रबंधक अंकित पारिख ने इस सिलसिले में शिकायत दर्ज कराई है।
जीसीएमएमएफ के पास ही अमूल का स्वामित्व है।
अंकित पारिख ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि गांधीनगर निवासी लक्ष्मीकांत परमार ने फेसबुक पर एक वीडियो में अमूल ब्रांड की बदनामी करते हुए दावा किया कि उसके पैकेज्ड दूध में यूरिया होता है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि एक सरकारी प्रयोगशाला ने इसकी पुष्टि की है।
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो का उद्देश्य अमूल ब्रांड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और अफवाहें फैलाना था।
पुलिस निरीक्षक एस.आर. मुच्छल ने कहा कि लक्ष्मीकांत परमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) और 505 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि गुजरात में 18 दुग्ध सहकारी समितियों के शीर्ष संगठन जीसीएमएमएफ ने 2022-23 में 55,055 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)