देश की खबरें | गुजरात : डीआरआई ने कंटेनर से 56 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के कच्छ जिले में मुंद्रा बंदरगाह के पास एक कंटेनर से 56 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। डीआरआई के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भुज, 26 मई राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के कच्छ जिले में मुंद्रा बंदरगाह के पास एक कंटेनर से 56 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। डीआरआई के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत के बारे में नहीं बताया गया है।
अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों के एक दल ने कंटेनर की तलाशी ली जो कुछ समय पहले एक विदेशी देश से मुंद्रा बंदरगाह पर आया था और तब से पास के कंटेनर स्थल पर रखा हुआ था।
उन्होंने अधिक विवरण दिए बिना कहा कि डीआरआई को 56 किलोग्राम कोकीन मिली जिसे आयातित वस्तुओं में छिपाकर रखा गया था।
उल्लेखनीय है कि एक महीने पहले कच्छ में कांडला बंदरगाह के पास एक कंटेनर स्थल पर छापेमारी के बाद डीआरआई ने 1,300 करोड़ रुपये मूल्य की 260 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी।
वहीं, पिछले वर्ष सितंबर में भारत में मादक पदार्थ (हेरोइन) की बरामद हुई सबसे बड़ी खेप में डीआरआई ने मुंद्रा बंदरगाह पर दो कंटेनर से लगभग तीन हज़ार किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया था जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 21,000 करोड़ रुपये बताई गई थी। ऐसा माना गया था कि यह खेप अफगानिस्तान से लाई गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2022 03:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

