देश की खबरें | गुजरात भाजपा के नए प्रमुख पाटिल को आठों उपचुनाव जीतने का भरोसा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष और नवसारी से लोकसभा सदस्य सीआर पाटिल ने कहा है कि वह राज्य में पार्टी को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने विधानसभा की आठ सीटों पर जल्द ही होने वाले उपचुनाव में जीत के प्रति भरोसा भी जताया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अहमदाबाद, 20 जुलाई गुजरात भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष और नवसारी से लोकसभा सदस्य सीआर पाटिल ने कहा है कि वह राज्य में पार्टी को और मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने विधानसभा की आठ सीटों पर जल्द ही होने वाले उपचुनाव में जीत के प्रति भरोसा भी जताया।

पाटिल गुजरात में नवसारी से तीसरी बार सांसद हैं और उन्होंने प्रदेश प्रमुख के रूप में जीतू वघानी का स्थान लिया है।

यह भी पढ़े | कोरोना महामारी की बीच T20 वर्ल्ड कप 2020 स्थगित: 20 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पैसठ वर्षीय पाटिल को प्रभावी सांसद माना जाता है जिन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और मतदाताओं के संपर्क में रहने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया है।

पाटिल उत्तर प्रदेश के वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के समन्वय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंद भी रहे हैं। प्रधानमंत्री वाराणसी से ही सांसद हैं।

यह भी पढ़े | Rajasthan Political Crisis: उमर अब्दुल्ला ने सचिन पायलट की बगावत को लेकर कही ये बात.

पाटिल का जन्म पड़ोसी महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ था।

पाटिल ने कहा, "मैं भाजपा में एक कार्यकर्ता को दिए जाने वाले महत्व और विश्वास का जीता जागता उदाहरण हूं। पार्टी बहुत मजबूत है। हम इसे और मजबूत करेंगे ताकि यह लंबे समय तक सत्ता में रहे और लोगों की सेवा करे।"

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राज्य नेतृत्व का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का प्रकोप इस समय मुख्य चुनौती है।

पाटिल ने कहा, "सरकार और पार्टी जिस ताकत के साथ काम कर रही है, उसके (कोरोना वायरस) मामले राज्य और देश दोनों में नियंत्रण में हैं। मुझे यकीन है कि आने वाले दिनों में हम इसे और अधिक नियंत्रित कर सकेंगे।’’

उन्होने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भाजपा राज्य में सभी आठ उपचुनाव जीतेगी। उपचुनाव की तारीख की घोषणा अभी नहीं हुयी है। कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने के ये सीटें खाली हुयी हैं।

निवर्तमान अध्यक्ष वघानी ने ट्वीट कर पाटिल को बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक बयान में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता होने से लेकर संसद सदस्य तक पाटिल ने कई वर्षों तक पार्टी में अहम भूमिका निभाई है और सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीत का नया रिकॉर्ड बनाया।

मुख्यमंत्री ने भी पाटिल को हार्दिक बधाई दी।

पाटिल 2019 में दक्षिण गुजरात के नवसारी से लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 6,89,668 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\