एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गुजरात विस चुनाव : पहले चरण में दोपहर एक बजे तक 34.65 प्रतिशत मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों साहित)

देश की खबरें | गुजरात विस चुनाव : पहले चरण में दोपहर एक बजे तक 34.65 प्रतिशत मतदान

(तस्वीरों साहित)

अहमदाबाद, एक दिसंबर गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बृहस्पतिवार को दोपहर एक बजे तक औसतन 34.65 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

राज्य विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों पर चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान हो रहा है। इसमें सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिणी हिस्से के 19 जिले शामिल हैं। पहले चरण में 788 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने कहा कि मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। मतदान के शुरुआती तीन घंटों में विभिन्न केंद्रों पर गड़बड़ी के कारण 33 बैलट यूनिट, 29 कंट्रोल यूनिट और 69 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) को बदला गया।

राज्य में मतदान होने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचमहल के कलोल और छोटा उदयपुर में रैलियों को संबोधित किया, जहां विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत पांच दिसंबर को मतदान होगा।

बृहस्पतिवार को जिन 19 जिलों में मतदान हो रहा है उनमें से दोपहर एक बजे तक तापी में सबसे अधिक 46.29 फीसदी मतदान हुआ। इसक बाद डांग में 46.22 प्रतिशत तथा नर्मदा में 46.16 प्रतिशत मतदान हुआ। ये सभी जिले आदिवासी बहुल हैं।

इस दौरान पोरबंदर में सबसे कम 30.06 प्रतिशत मतदान हुआ है और बोटाद में 30.12 फीसदी मतदान हुआ है। सूरत में 33.40 प्रतिशत तथा राजकोट में 32.89 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य के सीईओ कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मतदान के शुरुआती तीन घंटे में करीब 0.1 प्रतिशत बैलट यूनिट, 0.1 प्रतिशत कंट्रोल यूनिट तथा 0.3 प्रतिशत वीवीपीएटी को बदला गया। सभी जिलों में रिजर्व मशीन सेट उपलब्ध हैं। जहां कहीं भी कोई छोटी या बड़ी समस्या होती है तो उसे जल्द से जल्द दूर करने की व्यवस्था की गयी है।’’

सुबह-सुबह मतदान करने वालो में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल, राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी, जामनगर (उत्तर) से भाजपा उम्मीदवार रीवाबा जडेजा, कांग्रेस के विपक्ष के पूर्व नेता परेश धनानी और आम आदमी पार्टी (आप) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया शामिल थे।

रीवाबा जडेजा ने राजकोट में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला जबकि उनके पति और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने जामनगर में वोट डाला।

अमरेली सीट से उम्मीदवार कांग्रेस नेता परेश धनानी और आम आदमी पार्टी (आप) के राजकोट-दक्षिण सीट से प्रत्याशी दिनेश जोशी महंगाई के खिलाफ विरोध स्वरूप साइकिल पर गैस सिलेंडर बांधकर मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

निर्वाचन आयोग ने सुबह 100 वर्ष की आयु की मतदाता कामुबेन पटेल की एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें वह वलसाड जिले के उंबरगांव विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखा रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2022 03:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).