देश की खबरें | ‘गारंटी’ मुफ्त उपहार नहीं हैं, कांग्रेस गरीबों को सशक्त बनाने की कोशिश कर रही: कर्नाटक के गृह मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने यहां मंगलवार को कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने लोगों को जो गारंटी देने का वादा किया था, वे ‘‘मुफ्त उपहार’’ नहीं हैं और इन योजनाओं का उद्देश्य गरीबों एवं समाज के दबे-कुचले लोगों को सशक्त बनाना है।
मंगलुरु, छह जून कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने यहां मंगलवार को कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने लोगों को जो गारंटी देने का वादा किया था, वे ‘‘मुफ्त उपहार’’ नहीं हैं और इन योजनाओं का उद्देश्य गरीबों एवं समाज के दबे-कुचले लोगों को सशक्त बनाना है।
परमेश्वर ने यहां जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत ध्यान से अध्ययन करके और पूरी जिम्मेदारी के साथ गारंटी देने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो गरीबों और मध्यम वर्ग के हित के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस को बड़ी संख्या में वोट करके सत्ता में लाए और उनके विश्वास की रक्षा की जानी चाहिए।
परमेश्वर ने कहा कि सरकार बजट में आवश्यक निधि आवंटित करने के बाद इन कार्यक्रमों को लागू करने के लिए एक प्रणाली बनाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गारंटी के क्रियान्वयन के संबंध में गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी वादों की परवाह नहीं करती और स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काला धन वापस लाकर सभी लोगों के बैंक खातों में 15-15 लाख रुपए जमा करने का वादा पूरा नहीं किया।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने दक्षिण कन्नड़ के उपायुक्त से 15 एकड़ भूखंड चिह्नित करने को कहा है, जिसे मेंगलुरु में सोने और हीरे के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र राज्य के लिए राजस्व उत्पन्न करेगा और मंगलुरु को राज्य के दूसरे सबसे महत्वपूर्ण शहर के रूप में विकसित करेगा।
इस बैठक में पूर्व मंत्री बी रामनाथ राय, विधान पार्षद मंजूनाथ भंडारी, कांग्रेस नेता जे आर लोबो, ममता गट्टी और मिथुन राय भी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)