एजेंसी न्यूज

U19 Asia Cup 2021: कोरोना के कारण ग्रुप मैच हुआ रद्द, सेमीफाइनल में टीम इंडिया और बांग्लादेश की होगी भिड़ंत

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे बांग्लादेश ने मैच रद्द होने के समय 32.4 ओवर में चार विकेट पर 130 रन बना लिए थे. आरिफुल इस्लाम 19 जबकि मोहम्मद फहीम 27 रन बनाकर खेल रहे थे. बांग्लादेश और श्रीलंका पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके थे और इस मुकाबले से ग्रुप के विजेता और उप विजेता का फैसला होना था.

U19 Asia Cup 2021: कोरोना के कारण ग्रुप मैच हुआ रद्द, सेमीफाइनल में टीम इंडिया और बांग्लादेश की होगी भिड़ंत
टीम इंडिया (Photo Credits: Twitter/BCCI)

शारजाह: बांग्लादेश (Bangladesh) और श्रीलंका (Sri Lanka) के बीच मंगलवार को यहां चल रहा अंडर-19 एशिया कप (Under 19 Asia Cup) का अंतिम ग्रुप मैच दो अधिकारियों के कोविड-19 (COVID-19) से संक्रमित पाए जाने के कारण रद्द कर दिया गया जिसके बाद सेमीफाइनल में भारत (India) की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी. सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाएगा. ग्रुप बी के अंतिम मैच में 32.4 ओवर का खेल हो चुका था जब दो अधिकारियों का कोविड-19 नतीजा पॉजिटिव आने के बाद मुकाबले को रद्द कर दिया गया. U-19 Asia Cup, IND vs AFG: एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को चार विकेट से रौंदा

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने बयान में कहा, ‘‘एशियाई क्रिकेट परिषद और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड पुष्टि करते हैं कि एसीसी अंडर-19 एशिया कप का आज खेला जाने वाला अंतिम ग्रुप बी मैच रद्द कर दिया गया है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुष्टि की जाती है कि दो अधिकारी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं. अधिकारी अभी सुरक्षित हैं और टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार उनका उपचार हो रहा है.’’

एसीसी ने कहा, ‘‘इस मैच से जुड़े सभी अधिकारियों का परीक्षण हो रहा है और नतीजा आने तक वे अलग-थलग रहेंगे.’’

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे बांग्लादेश ने मैच रद्द होने के समय 32.4 ओवर में चार विकेट पर 130 रन बना लिए थे. आरिफुल इस्लाम 19 जबकि मोहम्मद फहीम 27 रन बनाकर खेल रहे थे. बांग्लादेश और श्रीलंका पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके थे और इस मुकाबले से ग्रुप के विजेता और उप विजेता का फैसला होना था.

बेहतर रन गति के कारण बांग्लादेश ग्रुप में शीर्ष पर रहा और 30 दिसंबर को सेमीफाइनल में उसका सामना भारत से होगा. दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका की भिड़ंत पाकिस्तान से होगी. भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है जो 2000, 2008, 2012 और 2018 में चार बार खिताब जीत चुकी है. भारत 2016 में उप विजेता भी रहा था. 2020 में पिछला टूर्नामेंट न्यूजीलैंड में हुआ था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 28, 2021 05:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).