अयोध्या और काशी में भव्य निर्माण हो रहा है फिर मथुरा वृंदावन कैसे छूट जाएगा: मुख्यमंत्री योगी
अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम का भव्य निर्माण शुरू कराने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे में ‘मथुरा वृंदावन कैसे छूट जाएगा.
अमरोहा (उत्तर प्रदेश), 30 दिसंबर : अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम का भव्य निर्माण शुरू कराने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे में ‘मथुरा वृंदावन कैसे छूट जाएगा.’ मुख्यमंत्री ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने जो वादा किया उसे पूरा किया. उन्होंने कहा, "हमने जो कहा, करके दिखाया. हमने कहा था अयोध्या में प्रभु राम का भव्य मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ कराएंगे. (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी ने कार्य प्रारंभ करा दिया है, उससे आप सभी खुश हैं. अभी काशी में भगवान विश्वनाथ का धाम भी भव्य रुप में बन रहा है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में मथुरा वृंदावन कैसे छूट जाएगा. हमने ब्रज तीर्थ विकास परिषद गठित करके वहां पर भी विकास कार्यों को एक नई गति देनी प्रारंभ कर दी है." मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) को कांवड़ यात्रा रोकने और दंगाइयों को बढ़ावा देने वाली पार्टी करार देते हुए आज कहा कि अयोध्या, काशी या मथुरा हो, भाजपा ने जो कहा वह काम पूरा किया.
योगी अमरोहा में 43 करोड़ रुपए की 31 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘जन विश्वास यात्रा’ के दौरान अपने संबोधन में सपा पर निशाना साधते हुए कहा, "जो रामभक्तों पर गोली चलाते थे. जो कृष्ण जन्माष्टमी पर रोक लगाते थे. कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे. इनसे आप कोई अच्छी उम्मीद करते हैं क्या. प्रदेश को तबाह करना इनकी नियति थी." योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने आस्था का भी सम्मान किया है और जनता का विकास भी किया है. उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के लिए अपना परिवार ही प्रदेश था. कांग्रेस का तो कोई रहनुमा ही नहीं था. भाजपा के लिए प्रदेश की 25 करोड़ की आबादी ही परिवार है. उसने इस परिवार की खुशहाली को ध्यान में रखकर ही अपनी योजनाएं बनाई हैं.’’ यह भी पढ़ें : COVID-19: दिल्ली में खतरनाक स्पीड से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, क्या लगेगा पूर्ण लॉकडाउन?
योगी ने कहा, "पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दंगाइयों से मुक्त कराने का वादा जो किया था वह हमने पूरा किया है. 2017 के पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था. कोई निवेश नहीं करना चाहता था, नौजवानों के सामने पहचान का संकट था, महिलाओं की सुरक्षा नहीं थी, दंगाइयों को रोका नहीं जाता था. अब समय बदला है. अब यहां दंगा नहीं गन्ना उगाया जा रहा है." उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार आएगी तो अच्छी योजनाएं आएंगी. जब बुरी सरकार आएगी तो यही अन्न सपा, बसपा और कांग्रेस की तिजोरी में चला जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2021 12:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

