मुंबई, 13 दिसंबर महीने की शुरुआत में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने वाली एकीकृत विज्ञापन एवं संचार समाधान कंपनी ग्राफिसैड्स लिमिटेड का शेयर बुधवार को एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का शेयर 111 रुपये के निर्गम भाव से थोड़ा अधिक 111.50 रुपये पर खुला और 112 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। लेकिन मुनाफावसूली होने से यह गिरकर 105.95 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
वर्ष 1987 में गठित ग्राफिसैड्स एक एकीकृत विपणन, विज्ञापन और संचार एजेंसी है। यह सरकारी क्षेत्र, निजी क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र इकाइयों को विज्ञापन सेवाएं मुहैया कराती है।
कंपनी के पांच दिसंबर को बंद हुए आईपीओ के जरिये 53 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई गई। इसका शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के एसएमई प्लेटफॉर्म 'इमर्ज' पर सूचीबद्ध किया गया।
निर्गम प्रस्ताव के मुताबिक, आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कुछ उधार चुकाने, कार्यशील पूंजी की जरूरत पूरी करने और सामान्य कॉर्पोरेट खर्चों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY