जरुरी जानकारी | पतंजलि फूड्स में जीक्यूजी पार्टनर्स ने 5.96 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी निवेश कंपनी जीक्यूजी पार्टनर्स ने बाबा रामदेव की अगुवाई वाली खाद्य तेल कंपनी पतंजलि फू़ड्स में 5.96 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है।
नयी दिल्ली, 19 जुलाई अमेरिकी निवेश कंपनी जीक्यूजी पार्टनर्स ने बाबा रामदेव की अगुवाई वाली खाद्य तेल कंपनी पतंजलि फू़ड्स में 5.96 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है।
शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक, जीक्यूजी पार्टनर्स ने पतंजलि फूड्स के 2,15,64,517 इक्विटी शेयरों को बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिये खरीद लिया है। इस तरह उसने पतंजलि फूड्स में 5.96 प्रतिशत हिस्सेदारी ले ली है।
कंपनी के मौजूदा बाजार भाव पर जीक्यूजी पार्टनर्स की इस हिस्सेदारी का मूल्य करीब 2,900 करोड़ रुपये है। पतंजलि फूड्स का बाजार पूंजीकरण 48,245 करोड़ रुपये है।
पतंजलि फूड्स ने पिछले हफ्ते ही कहा था कि उसकी प्रवर्तक कंपनी पतंजलि आयुर्वेद बिक्री पेशकश के जरिये 2.53 करोड़ शेयरों की बिक्री करेगी। इस बिक्री के लिए 1,000 रुपये का आधार मूल्य तय किया गया था।
पतंजलि फूड्स में सार्वजनिक हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए 13-14 जुलाई को बिक्री पेशकश लाई गई थी। इसकी अवधि खत्म होने के बाद पतंजलि फूड्स में प्रवर्तकों की हिस्सेदारी घटकर 73.82 प्रतिशत रह गई है।
पतंजलि आयुर्वेद ने आर्थिक संकट में घिरी रुचि सोया इंडस्ट्रीज का अधिग्रहण कर इसे पतंजलि फूड्स का नया नाम दिया था।
जीक्यूजी पार्टनर्स एवं कुछ अन्य निवेशकों ने पिछले महीने अडाणी समूह की कंपनियों में करीब एक अरब डॉलर का निवेश कर अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी थी।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)