राजस्थान के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने जम्मू कश्मीर में जवानों की शहादत पर संवेदना व्यक्त की
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने मुठभेड़ में करौली के सपूत जोगेन्द्र सिंह की शहादत को सलाम करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजन को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।
जयपुर, तीन मई राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में रविवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों की शहादत पर संवेदना व्यक्त की है।
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने मुठभेड़ में करौली के सपूत जोगेन्द्र सिंह की शहादत को सलाम करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजन को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय राइफल्स के कमाडिंग ऑफीसर कर्नल आशुतोष शर्मा सहित अन्य सभी जांबाज जवानों की शहादत पर गहरी संवेदना व्यक्त की ।
गहलोत ने कहा कि देश की रक्षा के लिए इन सभी ने अपने प्राण उत्सर्ग कर दिए। इनके इस बलिदान से देश के नौजवानों को मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजन को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की ।
पायलट ने ट्वीट किया, ‘‘मैं जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सहित हमारी सेना के जवानों की शहादत को सलाम करता हूं। इस कठिन समय में शहीदों के परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदना है।’’
सेना के प्रवक्ता कर्नल सोंबित घोष ने बताया कि कर्नल आशुतोष शर्मा का पार्थिव शरीर सोमवार को जयपुर पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि कर्नल आशुतोष शर्मा का जयपुर में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।
कर्नल शर्मा उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के चंजमुल्ला इलाके में आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए नागरिकों को बचाने के लिए एक दल का नेतृत्व कर रहे थे। आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में वह शहीद हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 11:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

