देश की खबरें | पंजाब के राज्यपाल ने कुलपति की नियुक्ति के लिए सरकार के प्रस्ताव को खारिज किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ गतिरोध के बीच फरीदकोट के बाबा फरीद स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के नये कुलपति लिए आम आदमी पार्टी सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ गतिरोध के बीच फरीदकोट के बाबा फरीद स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के नये कुलपति लिए आम आदमी पार्टी सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।

सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल ने जानेमाने हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ गुरप्रीत सिंह वंडर को कुलपति नियुक्त करने के प्रस्ताव वाली फाइल को लौटा दिया। उन्होंने राज्य सरकार से इस पद के लिए तीन नामों की सूची भेजने को कहा।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने हाल में ट्विटर पर इस बाबत घोषणा की थी।

कुछ दिन पहले ही राज्यपाल पुरोहित ने चंडीगढ़ की पहली यात्रा पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री मान के भाग नहीं लेने पर आपत्ति जताई थी।

मान से मंगलवार को यहां एक बैठक से इतर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान जब पूछा गया कि क्या राज्य में अनेक विषयों पर ‘आप सरकार बनाम राज्यपाल’ के हालात बन गये हैं, इस पर मान ने कहा कि राज्य सरकार और पुरोहित के बीच कोई मतभेद नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और माफिया के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और उसके राज्यपाल के साथ सौहार्दपूर्ण रिश्ते हैं।

मान ने कहा, ‘‘पंजाब के राज्यपाल के साथ कोई गतिरोध नहीं है। हम उनका सम्मान करते हैं।’’

कुलपति के विषय में पूछे गये सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर राज्यपाल चाहते हैं तो राज्य सरकार नियुक्ति के लिए तीन नामों की सूची उन्हें भेजेगी।

हालांकि मान ने कहा कि परंपरा यह है कि राज्यपाल सरकार द्वारा प्रस्तावित नाम को स्वीकृति प्रदान करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now