देश की खबरें | महिलाओं को 2,100 रु मासिक सहायता प्रदान करने पर सरकार जल्द निर्णय लेगी : हरियाणा के मंत्री

चंडीगढ़, 11 मार्च हरियाणा के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि 'लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता प्रदान करने का मुद्दा विचाराधीन है और हरियाणा सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी।

अक्टूबर 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्ता में लौटने पर महिलाओं को हर महीने यह राशि प्रदान करने का वादा किया था।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक पूजा ने सरकार से जानना चाहा कि राज्य की महिलाओं को मासिक सहायता राशि कब तक वितरित कर दी जाएगी।

अपने जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भाजपा के चुनावी वादे का जिक्र किया और सदन को बताया, "यह विचाराधीन है और सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी।"

पूरक प्रश्न पूछते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा, "मुझे आश्चर्य है कि सदन में इस तरह का जवाब दिया जा रहा है। क्या यही सरकार की गंभीरता है?"

उन्होंने कहा, "चुनावों के दौरान यह महिलाओं से भाजपा का पहला वादा था। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय सहायता देने की बात कही थी। और अब... पांच महीने बाद यह मामला विचाराधीन है। मैं यह स्पष्ट प्रश्न पूछ रही हूं कि योजना कब लागू होगी?”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)