पीपीपी मॉडल के तहत छह अन्य हवाईअड्डों की नीलामी करेगी सरकार: सीतारमण
उन्होंने कहा कि इस तरह कुल 12 हवाई अड्डों में निजी कंपनियों से लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्राप्त होगा।
नयी दिल्ली, 16 मई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि सरकार जल्द ही सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत छह और हवाई अड्डों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह कुल 12 हवाई अड्डों में निजी कंपनियों से लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्राप्त होगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) पहले ही सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत परिचालन और रखरखाव के लिये पेश किये गये छह हवाई अड्डों में से तीन को निजी कंपनियों को सौंप चुकी है।
वित्त मंत्री ने कोरोना वायरस महामारी के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को राहत देने के लिये घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के प्रोत्साहन पैकेज की चौथी किस्त में छह अन्य हवाई अड्डों की नीलामी की तैयारी की जानकारी दी।
सीतारमण ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छह हवाई अड्डों का वार्षिक राजस्व लगभग एक हजार करोड़ रुपये होगा, जबकि इनका मौजूदा लाभ लगभग 540 करोड़ रुपये प्रति वर्ष है। इसके अलावा, एएआई को भी 2,300 करोड़ रुपये का भुगतान मिलेगा।
नीलामी के लिये छह अन्य हवाई अड्डों की पहचान कर ली गयी है और बोली की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। एक अधिकारी के अनुसार ये हवाई अड्डे अमृतसर, वाराणसी, भुवनेश्वर, इंदौर, रायपुर और त्रिची में हैं।
सीतारमण ने कहा कि पहले और दूसरे दौर के इन 12 हवाई अड्डों की नीलामी से निजी कंपनियों के द्वारा लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश प्राप्त होने की उम्मीद है।
पिछले साल सरकार ने पीपीपी मॉडल के माध्यम से छह हवाई अड्डों - लखनऊ, अहमदाबाद, जयपुर, मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और गुवाहाटी के संचालन, प्रबंधन व विकास के लिये बोलियां मंगायी थी।
सीतारमण ने कहा कि तीसरे दौर की नीलामी में भी छह अन्य हवाईअड्डे पेश किये जायेंगे।
सरकारी नियंत्रण वाली एएआई देश में 135 से अधिक हवाई अड्डों का प्रबंधन करती है। इनमें से लगभग 110 हवाई अड्डे परिचालन में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

