जरुरी जानकारी | भुगतान उपकरणों के लिए भी पीएलआई योजना लाए सरकारः पेटीएम संस्थापक

नयी दिल्ली, 31 जुलाई डिजिटल भुगतान मंच पेटीएम का संचालन करने वाली वित्त प्रौद्योगिकी कंपनी वन97 कम्यूनिकेशंस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय शेखर शर्मा ने सरकार से भुगतान उपकरणों को भी उत्पादन-संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के दायरे में लाने की मांग की है।

पेटीएम के संस्थापक शर्मा ने सोमवार को भुगतान ‘साउंडबॉक्स’ के दो नए मॉडल पेश करते हुए कहा कि भारत सेवा क्षेत्र के दबदबे वाली अर्थव्यवस्था है और रोजगार सृजन के लिए यहां पर विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है।

डिजिटल भुगतान की पुष्टि के संदेश ‘साउंडबॉक्स’ उपकरण पर सुनाई देते हैं। दुकानदारों को ‘साउंडबॉक्स’ से पता चल जाता है कि उन्हें भुगतान राशि मिल गई है।

शर्मा ने कहा कि पेटीएम ने घरेलू स्तर पर भी भुगतान ‘साउंडबॉक्स’ का उत्पादन शुरू कर दिया है जबकि आयातित उत्पाद की तुलना में इस पर अधिक कर लगता है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से जुड़े सॉफ्टवेयर का विकास देश में ही होता है लेकिन इससे संबंधित उपकरणों को चीन से आयात करने से देश प्रौद्योगिकी का पूरा लाभ उठाने से वंचित रह जा रहा है।

शर्मा ने कहा, "जब ‘साउंडबॉक्स’ को विदेश से मंगाया जाता है तो उस पर कोई शुल्क नहीं लगता है लेकिन हमें घरेलू उत्पादन पर शुल्क देना पड़ता है। मेरा सरकार से अनुरोध है कि भुगतान से संबंधित उपकरणों के लिए भी पीएलआई योजना की घोषणा की जाए।"

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)