एजेंसी न्यूज

Bharat Jodo Yatra: सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने के बहाने ढूंढ रही- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के लिए ‘बहाने’ ढूंढ रही है.

Bharat Jodo Yatra: सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने के बहाने ढूंढ रही- राहुल गांधी
राहुल गांधी (Photo: PTI)

नूंह (हरियाणा), 22 दिसंबर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के लिए ‘बहाने’ ढूंढ रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने चीन समेत कुछ देशों में कोरोना वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे अपील की थी कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को निलंबित करने पर विचार करें. कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है. गांधी ने हरियाणा के नूंह जिले के घासेड़ा गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह यात्रा कश्मीर जाएगी. अब वे एक नया तरीका लेकर आए हैं. उन्होंने मुझे पत्र लिखा कि कोविड फैल रहा है, यात्रा रोक दो.’’

गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने राजस्थान चरण के बाद बुधवार को नूंह से हरियाणा में प्रवेश किया था. उन्होंने कहा, ‘‘अब वे यात्रा रोकने का बहाना बना रहे हैं. मास्क लगाओ, यात्रा रोको, कोविड फैल रहा है, ये सब बहाने हैं.’’ केंद्र और हरियाणा में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि वह सच्चाई से डरती है. उन्होंने कहा, ‘‘हिंदुस्तान की शक्ति से, हिंदुस्तान की सच्चाई से, ये लोग डर गए हैं, ये सच्चाई है.’’ यह भी पढ़ें : Mansukh Mandaviya: समय के साथ कोविड बदल रहा है, केंद्र की पैनी नजर

गांधी ने कहा कि ‘‘हम आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) और (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी के नफरत भरे भारत को नहीं चाहते हैं.’’ उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 100 से अधिक दिनों से जारी है और इसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया है. उन्होंने कहा कि इसमें लाखों लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन किसी ने किसी से यह तक नहीं पूछा कि उनका धर्म क्या है, वे कौन सी बोलते हैं या कौन सी जगह से आए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2022 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).