एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हर महीने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर ‘उगाही योजना’ चला रही है सरकार: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रसोई गैस की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार हर महीने एलपीजी के दाम बढ़ाकर ‘उगाही योजना’ चला रही है।

देश की खबरें | हर महीने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर ‘उगाही योजना’ चला रही है सरकार: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 18 अगस्त कांग्रेस ने रसोई गैस की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार हर महीने एलपीजी के दाम बढ़ाकर ‘उगाही योजना’ चला रही है।

पार्टी ने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर के दाम कम करके आम गृहणियों को राहत प्रदान की जाए।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘जुमलों का सच है जनता के सामने, ‘उल्टा विकास’ हुआ पिछले 7 साल में।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्र सरकार पर रसोई गैस के दाम बढ़ाकर ‘उगाही योजना’ चलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘गत एक जुलाई को रसोई गैस पर मोदी जी की सरकार ने 25 रुपये बढ़ाया और 17 अगस्त को फिर 25 रुपये बढ़ा दिये। उज्ज्वला का सपना दिखाकर, हर महीने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार की उगाही योजना फल-फूल रही है।’’

उधर, पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत समेत पार्टी की कई महिला नेताओं ने बुधवार को मिट्टी का चूल्हा, लकड़ी और गैस सिलेंडर के साथ मीडिया से बात की और सरकार से आग्रह किया कि रसोई गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वापस लेकर आम गृहणियों को राहत प्रदान की जाए।

सुप्रिया ने यह आरोप भी लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपये की ताजा बढ़ोतरी नरेंद्र मोदी सरकार का ‘अनैतिक और असंवेदनशील’ फैसला है।

उनके साथ कांग्रेस नेता अलका लांबा, अमृता धवन और राधिका खेड़ा ने भी रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र पर निशाना साधा।

सुप्रिया ने कहा, ‘‘रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी अनैतिक और असंवेदनशील है। दिल्ली में 860 रुपये में सिलेंडर का बिक रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से ये सिलेंडर 600 रुपये का बिकना चाहिए, लेकिन मोदी सरकार इसे 860 रुपये का बेच रही है। देश के कई हिस्सों में इसकी कीमत एक हजार रुपये को पार कर गई है।’’

उन्होंने दावा किया कि संप्रग सरकार के समय 1.47 लाख करोड़ रुपये की सब्सिडी मिलती थी, लेकिन इस सरकार ने इस सब्सिडी घटाकर 12000 करोड़ रुपये कर दिया है जिस वजह से लोगों को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों से राहत नहीं मिल पा रही है।

सुप्रिया ने कहा, ‘‘उज्ज्वला योजना पर सीना ठोकने वाली सरकार को पता होना चाहिए कि अब महिलाएं फिर से लकड़ी के ईंधन का उपयोग करने को विवश हैं। प्रधानमंत्री को अब महिलाओं के आंसू क्यों नजर नहीं आते?’’

अलका लांबा ने आरोप लगाया कि जब वित्त मंत्री कहती हैं कि पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं हो सकते तो यह लोकतंत्र को सीधी चुनौती देना है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई स्थानों पर महिलाएं मिट्टी के चूल्हे खरीद रही हैं क्योंकि वे गैस सिलेंडर के खर्च का वहन नहीं कर सकतीं।

राधिका खेड़ा ने कहा कि सरकार को ये बढ़ी हुई कीमतें वापस लेनी चाहिए क्योंकि जनता महंगाई के बोझ को सहन नहीं कर पा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2021 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).