सरकार रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डाल रही है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डालने का आरोप लगाया.
सासाराम, 16 फरवरी : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डालने का आरोप लगाया. अपनी ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ के दौरान रोहतास जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘मुझे आपको एक बात बतानी है कि वर्तमान में केंद्र का रक्षा बजट ‘‘जवानों’’ के कल्याण के लिए नहीं है. सभी रक्षा ठेके केवल अडाणी समूह को जा रहे हैं. वास्तव में केंद्र सरकार रक्षा बजट के धन का एक बड़ा हिस्सा उद्योगपति गौतम अडाणी की जेब में डाल रही है.’’ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना अंतर्गत जमुहार से शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को आगे बढ़ाया .
तेजस्वी और राहुल एक लाल रंग की खुली जीप में सवार हुए. तेजस्वी जीप चला रहे थे और राहुल बगल की सीट में बैठे थे. जीप में पीछे लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार बैठी हुईं थीं. गांधी ने कहा, ‘‘केंद्र ने सेनाओं के लिए जो कुछ भी खरीदा... हेलीकॉप्टर, सैन्य विमान, तोपें, कारतूस, राइफल और सभी आधुनिक हथियार, अडाणी समूह के स्वामित्व वाली कंपनी से ही खरीदा. आपको हर जगह (सभी रक्षा अनुबंधों में) अडाणी समूह का नाम मिलेगा.’’ गांधी ने अग्निवीर योजना को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा और कहा, ‘‘केंद्र ने सेना में दो श्रेणियां बनाई हैं. एक अग्निवीर और एक अन्य. यदि कोई अग्निवीर घायल हो जाए या शहीद हो जाए तो उसे न तो शहीद का दर्जा मिलेगा और न ही आवश्यक मुआवजा.... यह भेदभाव क्यों. उन्होंने सेना में दो श्रेणियां क्यों बनाई हैं?’’ यह भी पढ़ें : मोदी ने रेवाड़ी में एम्स की आधारशिला रखी, 9,750 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास किया
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको एक उदाहरण दे रहा हूं. मान लीजिए कि चार युवाओं को अग्निवीर के रूप में चुना गया है. चार साल के बाद चार में से तीन युवाओं को घर वापस भेज दिया जाएगा और उनमें से केवल एक को आगे रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, बाकी तीन लोग क्या करेंगे... क्या वे पकौड़े बेचेंगे?’’ यादव ने इस जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा,‘‘ प्रधानमंत्री के पास समय नहीं है. वह प्रियंका चोपड़ा से जरूर मिलेंगे लेकिन हमारे किसान भाइयों से नहीं मिलेंगे.’’ गांधी के साथ यात्रा में शामिल तेजस्वी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की सीमा नौबतपुर तक जाएंगे और कैमूर जिले में करीब तीन बजे दोनों युवा नेता एक जनसभा को संबोधित करेंगे .
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 16, 2024 01:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

