ताजा खबरें | अमेरिका के शुल्क लगाने के असर का आकलन कर रही है सरकार: मंत्री

नयी दिल्ली, 17 मार्च वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि सरकार इस्पात और एल्युमीनियम के आयात पर अमेरिका द्वारा लगाये गये 25 प्रतिशत शुल्क के असर का आकलन कर रही है।

उन्होंने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि 10 फरवरी 2025 को अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा की गई उद्घोषणा के अनुसार, अमेरिकी सरकार ने 12 मार्च 2025 से आयात शुल्क लगाया है।

उन्होंने कहा कि दवा, ऑटोमोबाइल और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों पर अमेरिका की ओर से अब तक कोई उद्घोषणा नहीं की गई है।

चौधरी ने कहा, ‘‘जैसा कि वाणिज्य विभाग द्वारा सूचित किया गया है, भारत पर उपरोक्त उद्घोषणाओं के प्रभाव की सावधानीपूर्वक जांच और मूल्यांकन किया जा रहा है।’’

एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए, चौधरी ने कहा कि भारत को वैश्विक धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण की निगरानी करने वाली संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) द्वारा जारी 40 अनुशंसाओं में 37 में ‘अनुपालक’ या ‘बड़े पैमाने पर अनुपालन’ की रेटिंग प्राप्त हुई।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)