जरुरी जानकारी | नीति आयोग की संचालन परिषद की बैठक कल, चंद्रशेखर राव करेंगे बहिष्कार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग की संचालन परिषद की रविवार को होने वाली सातवीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसमें फसल विविधीकरण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
नयी दिल्ली, छह अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग की संचालन परिषद की रविवार को होने वाली सातवीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसमें फसल विविधीकरण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू करने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
नीति आयोग की सर्वोच्च संस्था संचालन परिषद की इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रशासित प्रदेशों के उप राज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। नीति आयोग का अध्यक्ष होने के नाते प्रधानमंत्री इस परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने इस बैठक का बहिष्कार करने की घोषणा करते हुए शनिवार को कहा कि राज्यों के साथ केंद्र सरकार के मौजूदा भेदभावपूर्ण रवैये के विरोध में वह इस बैठक में शामिल नहीं होंगे।
राव ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम लिखे एक पत्र में कहा कि भारत एक सशक्त देश के रूप में तभी सामने आ सकता है जब राज्यों का भी विकास हो। उन्होंने कहा कि मजबूत एवं आर्थिक रूप से गतिशील राज्य ही भारत को एक सशक्त देश बना सकते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह बैठक में फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समेत कई मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने कहा कि तीन साल के अंतराल के बाद पंजाब से कोई प्रतिनिधि नीति आयोग की बैठक में शामिल होगा।
एक दिन पहले शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था कि यह बैठक स्थिर, टिकाऊ और समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में केंद्र और राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सहयोग और सहकार के एक नए युग की दिशा में तालमेल का रास्ता खोलेगी।
बयान के मुताबिक, इस बैठक में जी-20 मंच पर प्रगति को रेखांकित करने में राज्यों की भूमिका पर भी जोर दिया जाएगा।
संचालन परिषद की बैठक की तैयारियों के क्रम में जून में मुख्य सचिवों का राष्ट्रीय सम्मेलन धर्मशाला में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री ने की थी और इसमें सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।
आमतौर पर इस परिषद की बैठक हर साल होती है। पिछले साल यह बैठक 20 फरवरी को हुई थी। उस बार पश्चिम बंगाल, पंजाब, तेलंगाना और गुजरात के मु्ख्यमंत्री बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 06, 2022 08:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

