देश की खबरें | गोरखा नेता बिनय तमांग कांग्रेस में शामिल

कोलकाता, 26 नवंबर गोरखा नेता बिनय तमांग रविवार को कलिम्पोंग में कांग्रेस में शामिल हो गए। तमांग पहले तृणमूल कांग्रेस में थे। यह जानकारी कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने दी।

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र पर शासन करने वाले अर्ध-स्वायत्त गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन के पूर्व अध्यक्ष तमांग ने पर्वतीय शहर में कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी से कांग्रेस पार्टी का झंडा स्वीकार किया।

चौधरी ने कहा, ‘‘मैं यह निर्णय लेने के लिए उन्हें (तमांग को) धन्यवाद देना चाहता हूं। पहाड़ के लोग इतने वर्षों तक वंचित रहे हैं।’’

तमांग गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के नेता बिमल गुरुंग के करीबी सहयोगी थे, लेकिन बाद में उनसे अलग होने के बाद पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे।

वर्ष 2019 में, तमांग ने जीटीए के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और टीएमसी के समर्थन से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा उपचुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। बाद में, 2021 में, वह टीएमसी में शामिल हो गए थे, लेकिन एक साल के भीतर ही उन्होंने पार्टी छोड़ दी।

अटकलें लगाई जा रही हैं कि तमांग को अगले लोकसभा चुनाव में दार्जिलिंग लोकसभा सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)