देश की खबरें | महिला आयोग में पेश होने के बाद गोपाल इटालिया को पुलिस ने हिरासत में लिया, ढाई घंटे बाद छोड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कथित टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुए, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और ढाई घंटे से भी ज्यादा वक्त बाद छोड़ दिया।

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कथित टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुए, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और ढाई घंटे से भी ज्यादा वक्त बाद छोड़ दिया।

इटालिया की पेशी के दौरान ‘आप’ समर्थकों ने आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन भी किया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक शिकायत मिली थी, जिसमें दावा किया गया था कि इटालिया के समर्थक आयोग की इमारत के बाहर हंगामा कर रहे हैं, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।

इटालिया को बाद में पुलिस ने रिहा कर दिया और वह देर शाम संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

‘आप’ नेता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इटालिया को हिरासत में लेने से पूरे गुजरात के पटेल समाज में भारी रोष है।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने ट्विटर पर यह भी पूछा “पूरी भाजपा” इटालिया के पीछे क्यों पड़ी है?

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इटालिया को हिरासत में लेने को "भाजपा की राजनीति" करार दिया और आरोप लगाया कि उन्हें "हिरासत में इसलिए लिया गया है, क्योंकि वह एक ऐसी पार्टी से हैं, जो स्कूलों को बदलना जानती है।’’

आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए “ अपमानजनक और अभद्र” का कथित रूप से इस्तेमाल करने के लिए इटालिया को तलब किया था और कहा था कि उनकी टिप्पणी ‘ लैंगिक पक्षपात और स्त्री द्वेष को दर्शाती है और निंदात्मक’ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now