गूगल ने 2019 में हर मिनट 5,000 से अधिक ‘बुरे विज्ञापनों’ को ब्लॉक किया, हटाया
कंपनी ने यह भी पाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान फेस मास्क जैसे भारी मांग वाले उत्पादों के फर्जी विज्ञापनों में तेज उछाल आया।
नयी दिल्ली, चार मई गूगल ने सोमवार को कहा कि उसने 2019 में कुल 2.7 अरब ‘बुरे विज्ञापनों’ को ब्लॉक किया और हटाया। यह आंकड़ा प्रति मिनट 5,000 से अधिक है। साथ ही कंपनी ने गुमराह करने वाले विज्ञापनों से उपयोगकर्ताओं को बचाने के प्रयासों के तहत 10 लाख से अधिक विज्ञापनदाताओं को नियमों का उल्लंघन करने के लिए निलंबित किया।
कंपनी ने यह भी पाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान फेस मास्क जैसे भारी मांग वाले उत्पादों के फर्जी विज्ञापनों में तेज उछाल आया।
गूगल ने एक ब्लॉगपोस्ट में कहा, ‘‘हमारे प्लेटफार्मों पर विज्ञापनों की सत्यनिष्ठा को बनाए रखने के लिए, जैसा कि हम कोविड-19 महामारी के दौरान कर रहे हैं, हम अपने नियमों का उल्लंघन करने वाले और दुर्भावनापूर्ण तत्वों को रोकने के लिए हर दिन काम करते हैं। हमारे हजारों लोग उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।’’
गूगल के उपाध्यक्ष (उत्पाद प्रबंधन विज्ञापन गोपनीयता एवं सुरक्षा) स्कॉट स्पेंसर के लिखे इस पोस्ट में कहा गया कि 2019 में 2.7 अरब विज्ञापनों को ब्लॉक किया गया और हटाया गया।
ब्लॉग में कहा गया, ‘‘हमने नियमों के उल्लंघन के लिए लगभग 10 लाख विज्ञापनदाता खातों को भी निलंबित कर दिया है। प्रकाशक की बात करें तो, हमने 12 लाख खातों को खत्म कर दिया और 2.1 करोड़ से अधिक वेब पृष्ठों से विज्ञापनों को हटा दिया।’’
ब्लॉग में कहा गया, ‘‘लोगों को जब भी जानकारी की तलाश होती है, तो वे गूगल पर भरोसा करते हैं, और हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि वे हमारे प्लेटफार्मों पर देखे जाने वाले विज्ञापनों पर भी भरोसा कर सकें। यह प्रतिबद्धता कोविड-19 महामारी जैसे अनिश्चितता के समय में विशेष रूप से मायने रखती है।’’
गूगल ने कहा कि कोविड-19 महामारी की शुरुआत से ही कंपनी इस संकट का लाभ लेने की कोशिश करने वाले विज्ञापनों से उपयोगकर्ताओं को बचाने के लिए विज्ञापनों की बारीकी से निगरानी कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 04:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

