एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | मजबूत वैश्विक संकेतों से सोना 550 रुपये मजबूत, चांदी में 400 रुपये का उछाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख के साथ साथ आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 550 रुपये की मजबूती के साथ 75,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | मजबूत वैश्विक संकेतों से सोना 550 रुपये मजबूत, चांदी में 400 रुपये का उछाल

नयी दिल्ली, 16 जुलाई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख के साथ साथ आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 550 रुपये की मजबूती के साथ 75,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, सोमवार को सोना 75,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव बढ़कर क्रमश: 75,700 रुपये प्रति 10 ग्राम और 75,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

व्यापारियों ने सोने की कीमतों में तेजी की मुख्य वजह घरेलू बाजार में स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की मांग में तेजी को बताया।

इसके अलावा, चांदी की कीमत भी 400 रुपये बढ़कर 94,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले सत्र में यह 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (एमओएफएसएल) के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी रिसर्च) मानव मोदी ने कहा, ‘‘ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के बीच सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सोमवार को कोई प्रमुख डेटा पॉइंट निर्धारित नहीं किया गया था, हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल की टिप्पणियां सुर्खियों में रहीं।’’

पॉवेल ने कहा कि दूसरी तिमाही के आंकड़ों से नीति निर्माताओं को इस बात का भरोसा मिला है कि मुद्रास्फीति, केंद्रीय बैंक के दो प्रतिशत के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने दोहराया कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक दरों में कटौती करने की जल्दी में नहीं है, लेकिन उन्होंने श्रम बाजार में नरमी और घाटे में वृद्धि के बारे में भी चिंता जताई।

विदेशी मोर्चे पर, कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,436 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले दिन से 28 डॉलर प्रति औंस की बढ़त दर्शाता है।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि ईटीएफ की मांग और सट्टा खरीद के बीच सोने की कीमतों में तेजी आई क्योंकि वैश्विक सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब पहुंच गईं।

इसके अलावा चांदी भी बढ़कर 30.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। पिछले सत्र में यह 30.68 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2024 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).