एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सोना रिकॉर्ड स्तर से फिसला, चांदी 1,000 रुपये लुढ़की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं की ताजा बिकवाली के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गईं। यह 50 रुपये की गिरावट के साथ 78,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही।

जरुरी जानकारी | सोना रिकॉर्ड स्तर से फिसला, चांदी 1,000 रुपये लुढ़की

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं की ताजा बिकवाली के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गईं। यह 50 रुपये की गिरावट के साथ 78,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोने की कीमत सोमवार को 200 रुपये बढ़कर 78,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।

चांदी की कीमत 1,000 रुपये गिरकर 92,500 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जबकि पिछली बार यह 93,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

इसके अलावा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 50 रुपये घटकर 78,250 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। सोमवार को यह 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

व्यापारियों ने स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग को सोने की कीमतों में गिरावट का श्रेय दिया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने की कीमत 54 रुपये यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 76,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।

हालांकि, एमसीएक्स में दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 101 रुपये यानी 0.11 प्रतिशत घटकर 90,635 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 0.16 प्रतिशत बढ़कर 2,669.90 डॉलर प्रति औंस हो गया।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व से निवेशकों को अमेरिकी ब्याज दर पर और अधिक संकेतों की प्रतीक्षा है। इसके कारण सोने की कीमतों में स्थिरता आई...।’’

मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर लगातार चिंताओं ने भी सुरक्षित पनाहगाह की मांग को बनाए रखा। इसके साथ ही डॉलर सूचकांक और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में तेज वृद्धि भी कीमतों पर असर डाल रही है।

उन्होंने कहा कि इस सप्ताह मुख्य ध्यान अमेरिकी खुदरा बिक्री, आईआईपी और चीन के जीडीपी आंकड़ों पर रहेगा जो सर्राफा की कीमतों को दिशा देंगे।

विदेशी बाजारों में चांदी 0.08 प्रतिशत बढ़कर 31.34 डॉलर प्रति औंस पर रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 15, 2024 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).