जरुरी जानकारी | सोने में 500 रुपये की तेजी, चांदी 1,000 रुपये मजबूत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच आभूषण विक्रेताओं की ताजा मांग के कारण बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 500 रुपये बढ़कर 74,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
नयी दिल्ली, पांच सितंबर विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच आभूषण विक्रेताओं की ताजा मांग के कारण बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 500 रुपये बढ़कर 74,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
बुधवार को सोना 73,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत भी 1,000 रुपये बढ़कर 84,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी में तेजी आई।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 83,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
इसके अतिरिक्त, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 500 रुपये की तेजी के साथ 73,750 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया जो पिछले कारोबारी सत्र में 73,250 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
घरेलू स्तर पर व्यापारियों ने सोने की कीमतों में तेजी का श्रेय अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुख को दिया, जिससे बाजार धारणा पर अनुकूल असर हुआ और स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ गयी।
विदेशी मोर्चे पर, कॉमेक्स सोना 0.82 प्रतिशत बढ़कर 2,546.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के अपेक्षा से कमजोर रहने के बाद बृहस्पतिवार को सर्राफा में तेजी आई, जिससे ब्याज दरों में भारी कटौती की उम्मीद बढ़ गई। इससे सोने को समर्थन मिला।’’
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सिक्योरिटीज के जिंस शोध के वरिष्ठ विश्लेषक मानव मोदी के अनुसार, रोजगार आंकड़ों के बाद, बाजार प्रतिभागियों ने 18 सितंबर को फेडरज रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना जताई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी भी 29.07 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2024 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

