जरुरी जानकारी | सोना 83,000 रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार, चांदी भी मजबूत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
नयी दिल्ली, 24 जनवरी वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं के कारण जोरदार लिवाली होने के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार आठवें सत्र में तेजी जारी रही और यह 200 रुपये चढ़कर पहली बार 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गई।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये बढ़कर 83,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को यह 82,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने में बढ़त शुक्रवार को भी जारी रही और घरेलू बाजार में हाजिर सोना नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।’’
गांधी ने कहा कि सोने में मौजूदा तेजी अमेरिका में संभावित शुल्क (टैरिफ) योजना और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अन्य नीतियों से उपजी अनिश्चितता का नतीजा है। मौजूदा हालात में सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की खरीदारी में उछाल आया है।
99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 200 रुपये बढ़कर 82,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 82,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसके अलावा, शुक्रवार को चांदी भी 500 रुपये बढ़कर 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 93,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 15.50 डॉलर प्रति औंस बढ़कर 2,780.50 डॉलर प्रति औंस हो गया।
कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा कि निवेशक प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक गतिविधि के शुरुआती संकेतों के लिए पीएमआई आंकड़ों पर नजर रख सकते हैं। अर्थव्यवस्था के बारे में आगे की जानकारी के लिए अमेरिका में जारी होने वाले आवास आंकड़े पर भी नजरें रहेंगी।
एशियाई कारोबार में कॉमेक्स चांदी वायदा भी 1.53 प्रतिशत बढ़कर 31.32 डॉलर प्रति औंस हो गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि निवेशकों की निगाह आगामी केंद्रीय बजट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर निर्णय पर भी रहेगी। ये सर्राफा कीमतों के लिए भविष्य की दिशा तय करने वाली प्रमुख घटनाक्रम हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 24, 2025 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

