देश की खबरें | पिछले दो दशक में गोवा का सकल घरेलू उत्पाद 33 प्रतिशत तक बढ़ा : सावंत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को कहा कि तटीय राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) पिछले 20 वर्ष में 33 प्रतिशत तक बढ़ा है।
पणजी, 19 दिसंबर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को कहा कि तटीय राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) पिछले 20 वर्ष में 33 प्रतिशत तक बढ़ा है।
यहां गोवा मुक्ति दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले दो दशकों में प्रति व्यक्ति आय 30 प्रतिशत तक बढ़ी है।
गोवा मुक्ति दिवस 1961 में राज्य को पुर्तगालियों के 450 साल पुराने शासन से आजाद कराने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा चलाए ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की याद में हर साल 19 दिसंबर को मनाया जाता है।
सावंत ने कहा, ‘‘राज्य में आजाद होने के बाद आर्थिक वृद्धि देखी गयी है। पिछले 20 वर्ष में जीएसडीपी 33 प्रतिशत तक बढ़ा है और उसी दौरान प्रति व्यक्ति आय 30 प्रतिशत तक बढ़ी है।’’
उन्होंने बताया कि सरकार ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शुरू की है जो राज्य के विभिन्न हिस्सों से निकाली जा रही है। उन्होंने सभी सरपंच और पंचायत सदस्यों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि कम से कम 20,000 लोगों ने योजना के तहत पंजीकरण कराया है और उन्हें न्यूनतम ब्याज पर कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा तथा कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सावंत ने कहा कि राज्य सरकार गोवा में नयी शिक्षा नीति 2020 लागू करने के वास्ते शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए एक संस्थान स्थापित करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)