गोवा पुलिस ने बलात्कार की झूठी शिकायत दर्ज कराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया
एक व्यक्ति से पैसे ऐंठने के लिए उसके खिलाफ बलात्कार की झूठी शिकायत दर्ज कराने के आरोप में गोवा पुलिस ने गुजरात की दो महिलाओं और उनके पुरुष साथी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पणजी, 29 अगस्त: एक व्यक्ति से पैसे ऐंठने के लिए उसके खिलाफ बलात्कार की झूठी शिकायत दर्ज कराने के आरोप में गोवा पुलिस ने गुजरात की दो महिलाओं और उनके पुरुष साथी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक (उत्तर) निधिन वलसान ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि जांच के दौरान तीनों आरोपियों द्वारा अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ गोवा और गुजरात में बलात्कार की कई शिकायतें दर्ज कराए जाने की बात सामने आई.
उन्होंने कहा कि गुजरात के एक व्यक्ति ने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में बताया कि दोनों महिलाओं ने पहले उससे दोस्ती की और पैसे ऐंठने के लिए उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करा दिया. अधिकारी ने कहा कि उनकी शिकायत के बाद गोवा की कलंगुट पुलिस ने सोमवार को गुजरात के भावनगर से दो महिलाओं और उनके पुरुष साथी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं में से एक ने 23 अगस्त को गोवा के कोलवाले में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था.
वलसान ने कहा कि जांच के दौरान उन्हें पुणे के एक कारोबारी की भी शिकायत मिली जिससे बलात्कार का फर्जी मामला दर्ज करने की धमकी देकर कथित तौर पर दो लाख रुपये ऐंठने की कोशिश की गई थी. वलसान ने कहा कि आरोपियों की शिकायतों पर बलात्कार के गोवा में दो मामले और गुजरात में कई मामले दर्ज किए गए हैं. उन्होंने कहा कि गुजरात में बलात्कार के एक अन्य मामले में आरोपियों में से ही एक महिला गवाह है. अधिकारी ने बताया कि संबंधित पुलिस थानों से जानकारी जुटाई जा रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 29, 2023 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

