गोवा: कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति ने बताया कि सीमा पर नहीं हुई थी जांच
जमात

पणजी, 16 मई गोवा आने वाले महाराष्ट्र के सांगली के 46 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उस व्यक्ति ने यह दावा किया है कि सीमा पर उसे कोविड-19 की जांच किए बिना ही राज्य में प्रवेश करने दिया गया।

एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बुखार की शिकायत मिलने के बाद उस व्यक्ति को जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसमें कोविड-19 की पुष्टि हुई।

अधिकारी ने बताया कि वह व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ कार में बैठकर एक फर्म को सामान आपूर्ति करने पणजी आया था।

स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के अधिकारी ने कहा,‘‘गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए 46 वर्षीय व्यक्ति ने दावा किया है कि राज्य में प्रवेश करने से पहले सीमा चौकी पर उसकी कोई चिकित्सकीय जांच नहीं की गई थी। नियम के अनुसार, राज्य में प्रवेश करने वाले सभी लोगों का परीक्षण किया जाना है और रिपोर्ट आने तक उन्हें पृथकवास में रखे जाने का प्रावधान है।’’

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने जिला कलेक्टर को इस मामले के बारे में सूचित किया है ताकि राज्य की सीमा पर अनियंत्रित प्रवेश की समस्या पर संज्ञान लिया जाए।

इस बीच उत्तर प्रदेश के आगरा से गोवा के कुंडिम औद्योगिक क्षेत्र पोंडा आने वाले ट्रक के सफाईकर्मी में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि जांच के बाद सफाईकर्मी संक्रमित पाया गया लेकिन ट्रक चालक की जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)