देश की खबरें | गोवा: हवाईअड्डे का नाम 'मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' करने की मांग

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्ष के कई नेताओं के साथ-साथ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता ने गोवा में निर्माणाधीन नए हवाईअड्डे का नाम 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' से बदलकर 'मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' करने की मांग की है।

पणजी, 19 जनवरी विपक्ष के कई नेताओं के साथ-साथ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता ने गोवा में निर्माणाधीन नए हवाईअड्डे का नाम 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' से बदलकर 'मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' करने की मांग की है।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के विधायक विजय सरदेसाई ने दावा किया कि राज्य सरकार दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का उपनाम हवाईअड्डे के नाम में शामिल नहीं कर उनकी विरासत को मिटाने की कोशिश कर रही है।

गोवा विधानसभा ने उत्तरी गोवा जिले के मोपा में नए ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे का नामकरण 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' करने का प्रस्ताव बुधवार को पारित किया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ (कांग्रेस) और सरदेसाई ने सदन में मांग की कि हवाई अड्डे का नाम 'मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' रखा जाए। सरदेसाई ने प्रस्ताव को ध्वनि मत के बजाय मत विभाजन से पारित करने की मांग की। लेकिन, उनकी इस मांग को विधानसभा अध्यक्ष रमेश तावडकर ने नकार दिया और प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया।

विपक्षी दलों के अलावा, बृहस्पतिवार को बीजेपी के गोवा प्रवक्ता सावियो रोड्रिग्स ने भी नए हवाई अड्डे के नाम पर निराशा जताई।

इस मामले को लेकर उन्होंने ट्वीट किया, ''जब तक न्यू गोवा एयरपोर्ट का नाम 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' के बजाय उचित रूप से 'मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' नहीं रखा जाता है, तब तक मैं जानबूझकर एयरपोर्ट की सेवाओं का उपयोग नहीं करूंगा। श्रद्धांजलि केवल शब्दों में नहीं बल्कि तार्किक और उचित कृत्यों में होनी चाहिए''

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, यह कोई मांग नहीं है। यह सबसे तार्किक कार्य है। कौन हैं मनोहर? भारत और दुनिया श्री पर्रिकर को मनोहर पर्रिकर या पर्रिकर के नाम से जानती है। गोवा ही नहीं किसी से भी पूछ लीजिए।

उन्होंने कहा, ''मैं निराश हूं कि गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने हवाईअड्डे का नाम 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा' के तौर पर रखने का प्रस्ताव पेश किया न कि मनोहर पर्रिकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के तौर पर। भले ही यह गोवा के रूप में केंद्र का विचार था, लेकिन आप सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए प्रस्ताव पेश कर सकते थे।''

गौरतलब है कि इस हवाई अड्डे का उद्घाटन दिसंबर 2022 में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। जिसे हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट ने पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री दिवंगत मनोहर पर्रिकर के नाम पर आधुनिक गोवा के निर्माण में उनके योगदान को देखते हुए 'मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे' के रूप में स्वीकृति प्रदान की।

नई सुविधा राज्य की राजधानी पणजी से 35 किमी दूर उत्तरी गोवा के मोपा गांव में स्थित है। यह गोवा का दूसरा एयरपोर्ट है। इसके अलावा एक अन्य एयरपोर्ट दक्षिण गोवा स्थित डाबोलिम में भारतीय नौसेना के हवाई स्टेशन आईएनएस हंसा में सैन्य एयरपोर्ट के रूप में संचालित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\