जरुरी जानकारी | वैश्विक बाजारों में मजबूती से चमक लौटी, सेंसेक्स 1534 अंक उछला, निफ्टी भी 456 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में तेजी से मिले समर्थन और भारी लिवाली होने से स्थानीय शेयर बाजार शुक्रवार को जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में करीब तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मुंबई, 20 मई वैश्विक बाजारों में तेजी से मिले समर्थन और भारी लिवाली होने से स्थानीय शेयर बाजार शुक्रवार को जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में करीब तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,534.16 अंक यानी 2.91 प्रतिशत की उछाल के साथ 54,326.39 अंक पर पहुंच गया। पिछले तीन महीनों में सेंसेक्स की यह एक दिन में सबसे बड़ी छलांग है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 456.75 अंक यानी 2.89 प्रतिशत की बड़ी बढ़त लेकर 16,266.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल सभी कंपनियों के शेयरों में मजबूती देखी गई और डॉ रेड्डीज का शेयर सबसे अधिक 8.10 प्रतिशत तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 5.77 प्रतिशत चढ़ गया।
इसके अलावा नेस्ले इंडिया, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, सन फार्मा और इंडसइंड बैंक के शेयर भी फायदे में रहे।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में मजबूती, खासकर एशियाई बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार में उछाल आया है। चीन के केंद्रीय बैंक ने उभरते बाजारों में आशावाद पर भरोसा करते हुए अपनी प्रमुख ब्याज दर में कटौती की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया भर में आर्थिक मंदी और नीतिगत दरों में बढ़ोतरी की चिंताओं के बीच निवेशक सावधानी के साथ निवेश करना जारी रखे हुए हैं। इस समेकन अवधि के दौरान मूल्यवान शेयरों को अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए।’’
वहीं, साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 1,532.77 अंक यानी 2.90 प्रतिशत तथा निफ्टी 484 अंक यानी 3.06 प्रतिशत चढ़ गया।
व्यापक बाजार में बीएसई का स्मॉलकैप 2.13 फीसदी और मिडकैप सूचकांक 1.98 प्रतिशत उछल गया।
चीन की पंचवर्षीय ऋण दर एलपीआर में 0.15 प्रतिशत की कटौती के निर्णय से एशिया के सभी शेयर बाजारों में उछाल दर्ज किया गया।
यूरोपीय बाजार भी दोपहर के सत्र के दौरान लाभ में कारोबार कर रहे थे जबकि अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट लेकर बंद हुए।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.11 प्रतिशत टूटकर 111.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों का घरेलू बाजारों से निकासी का सिलसिला जारी है। उन्होंने बृहस्पतिवार को 4,899.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिक्री की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 20, 2022 05:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

