वाशिंगटन, नौ अप्रैल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दुनिया भर के नेता अमेरिका के साथ समझौता करने को बेताब हैं और शुल्क घोषणा पर समझौता करने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।
ट्रंप ने मंगलवार को नेशनल रिपब्लिकन कांग्रेस कमेटी के रात्रिभोज में कहा, ''मैं आपको बता रहा हूं, ये देश हमसे संपर्क कर रहे हैं। मेरे आगे नाक रगड़ रहे हैं।''
ट्रंप ने पिछले कुछ दिनों में विभिन्न देशों पर कई तरह के शुल्क लगाए हैं जिससे वैश्विक व्यापार युद्ध की स्थिति पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा, ''वे समझौता करने के लिए बेताब हैं। वे कह रहे हैं, 'कृपया, कृपया सर, हमसे समझौता कर लें, मैं इसके लिए कुछ भी करूंगा सर।''
ट्रंप द्वारा घोषित कई नए शुल्क बुधवार सुबह से प्रभावी हो गए। उन्होंने दवाओं के आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की बात भी कही है।
'फॉक्स न्यूज' ने ट्रंप के हवाले से कहा, ''हम दवाओं पर शुल्क लगाने जा रहे हैं और एक बार जब हम ऐसा कर देंगे तो वे हमारे देश में वापस आ जाएंगे, क्योंकि हम बड़े बाजार हैं।''
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ''हम बहुत जल्द ही दवाओं पर बड़ा शुल्क लगाने की घोषणा करने जा रहे हैं। जब वे इसके बारे में सुनेंगे, तो चीन से दूर हो जाएंगे। वे दूसरे स्थानों को छोड़ देंगे, क्योंकि उन्हें बेचना है - उनका अधिकांश उत्पाद यहां बेचा जाता है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY