लखनऊ, एक सितंबर लखनऊ के एक इलाके में अपने घर लौट रही एक युवती पर चाकू से हमला करने के मामले में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र निवासी पंकज रावत (27) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि ट्यूशन पढ़ाने वाली युवती (20) बुधवार शाम करीब 7.10 बजे अपने घर लौट रही थी, तभी आरोपी रावत ने उसके आवास से करीब 30 मीटर दूर गलत हरकत के इरादे से उसे रोका और उसकी स्कूटी में धक्का मार दिया।
उन्होंने बताया कि जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की मंशा से उसके सिर और पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। युवती को मरा हुआ समझकर और लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी व्यक्ति मौके से भाग गया।
अधिकारियों ने बताया कि युवती की चीख-पुकार सुनकर बबलू यादव नाम का एक व्यक्ति उसे कमांड अस्पताल ले गया और वहां भर्ती कराया जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवती के पिता की शिकायत के आधार पर पीजीआई पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि रावत के खिलाफ पीजीआई पुलिस थाना में पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई- को बताया कि रावत और युवती एक-दूसरे को जानते थे। लड़की के पिता सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY