देश की खबरें | गिरिधर गमांग और जयराम पांगी कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल

भुवनेश्वर, 14 अगस्त ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग और कोरापुट के पूर्व सांसद जयराम पांगी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

राज्य में जयपुर (निर्वाचन क्षेत्र) से कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति ने बताया कि गमांग और पांगी 2024 के आम चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

बाहिनीपति ने बताया कि गमांग इस क्षेत्र के एक प्रमुख आदिवासी नेता हैं तथा नौ बार लोकसभा के लिए चुने गये। उन्होंने बताया कि पांगी कोरापुट के पूर्व सांसद हैं।

जयपुर के विधायक ने बताया कि गमांग ओडिशा के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वैसे तो वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे, लेकिन उन्होंने सोनिया गांधी एवं कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोला। उन्होंने कहा कि इसलिए वह शीघ्र ही कांग्रेस में लौट सकते हैं।

गमांग ने हाल ही अपने बेटे शिशिर के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शरत पटनायक और कोरापुट के सांसद सप्तगिरि उलाका की उपस्थिति में ओडिशा के पार्टी मामलों के प्रभारी ए. चेल्लाकुमार से भेंट की थी।

बाहिनीपति ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस संबंध में आखिरी फैसला करेंगे।’’

गमांग के बेटे शिशिर ने संवाददाताओं से कहा कि वे पहले ही कांग्रेस में शामिल होने की अपनी इच्छा व्यक्त कर चुके हैं।

बाहिनीपति ने बताया कि इसी तरह पांगी ने भी कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं।

पांगी 2009 में बीजद उम्मीदवार के रूप में लोकसभा के लिए चुने गये थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गये थे। वह पोटांगा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार विधानसभा के लिए चुने गये।

गमांग कुछ महीने पहले भाजपा छोड़कर के. चंद्रशेखर राव की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में शामिल हुए थे। गमांग के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने (गमांग) अब कांग्रेस में जाने का फैसला किया है, क्योंकि बीआरएस की ओडिशा के लिए तत्काल कोई योजना नहीं है।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शरत पटनायक ने कहा कि कांग्रेस अन्य दलों के नेताओं तथा अतीत में पार्टी छोड़कर चल गये नेताओं का स्वागत करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)