अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर फंसा जर्मन नागरिक
उक्त व्यक्ति पर जर्मनी में आपराधिक मामला दर्ज है।
नयी दिल्ली, 11 मई कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिये उड़ानों पर प्रतिबंध के चलते एक जर्मन नागरिक 18 मार्च से दिल्ली हवाई अड्डे के ट्रांजिट एरिया में रह रहा है।
उक्त व्यक्ति पर जर्मनी में आपराधिक मामला दर्ज है।
अधिकारियों ने बताया, “एक जर्मन नागरिक 18 मार्च को दिल्ली होते हुए हनोई से इस्तांबुल जा रहा था। भारत ने 18 मार्च को तुर्की से आने और जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी थीं इसलिए जर्मन नागरिक दिल्ली हवाई अड्डे की टर्मिनल संख्या तीन पर फंस गया।”
अधिकारियों ने कहा कि जर्मनी में उस व्यक्ति के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज है, इसलिए वह वहां नहीं जाना चाहता।
उन्होंने कहा, “जर्मन व्यक्ति को 18 मार्च से भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वह ट्रांजिट एरिया में रह रहा है। नागर विमानन मंत्रालय और जर्मन दूतावास को इसकी सूचना दे दी गई है।”
इस विषय पर दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) के प्रवक्ता ने कहा, “हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि दिल्ली हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के ट्रांजिट एरिया में एक विदेशी नागरिक है, जो आगे की नियमित उड़ान न मिलने के कारण फंसा हुआ है।”
डीआईएएल के प्रवक्ता ने कहा, “संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। वे विदेशी नागरिक के संपर्क में हैं”
कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के वास्ते भारत में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है और इस दौरान सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध है।
तुर्की और चीन से आने और जाने वाली सभी उड़ानें 25 मार्च के पहले से निलंबित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

