एजेंसी न्यूज

गेल ने टीम के पूर्व साथी सरवन को कोरोना वायरस से बदतर कहा

अब सेंट लूसिया जोक्स से जुड़ चुके गेल ने जमैका की टीम के साथ रिश्ता टूटने के लिए सरवन को जिम्मेदार ठहराया। इस फ्रेंचाइजी ने 2020 सत्र के लिए गेल को टीम के साथ बरकरार नहीं रखा जब वह पिछले सत्र में उसकी ओर से ‘मार्की खिलाड़ी’ के रूप में खेले थे।

गेल ने टीम के पूर्व साथी सरवन को कोरोना वायरस से बदतर कहा

जमैका, 28 अप्रैल वेस्टइंडीज के आक्रामक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने टीम के अपने पूर्व साथी रामनरेश सरवन को ‘कोरोना वायरस से भी बदतर’ करार देते हुए गयाना के इस खिलाड़ी पर आरोप लगाया कि उसने उन्हें कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) की टीम जमैका तालावाह से बाहर कराने का षड्यंत्र रचा।

अब सेंट लूसिया जोक्स से जुड़ चुके गेल ने जमैका की टीम के साथ रिश्ता टूटने के लिए सरवन को जिम्मेदार ठहराया। इस फ्रेंचाइजी ने 2020 सत्र के लिए गेल को टीम के साथ बरकरार नहीं रखा जब वह पिछले सत्र में उसकी ओर से ‘मार्की खिलाड़ी’ के रूप में खेले थे।

इस सलामी बल्लेबाज ने दावा किया कि उन्हें बाहर कराने के पीछे सरवन का हाथ था क्योंकि वह फ्रेंचाइजी पर नियंत्रण हासिल करना चाहता है।

गेल ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए वीडियो में कहा, ‘‘सरवन, इस समय तुम कोरोना वायरस से भी बदतर हो। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘तालावाह के साथ जो भी हुआ उसमें तुम्हारी बड़ी भूमिका है क्योंकि तुम और टीम के मालिक काफी करीबी हो। तुम जमैका में मेरे पिछले जन्मदिन की पार्टी पर आए थे और लंबा भाषण दिया था कि हम कितना आगे आ चुके हैं।’’

सरवन जमैका तालावाह के सहायक कोच हैं।

सरवन पर हमला जारी रखते हुए गेल ने कहा, ‘‘सरवन, तुम सांप हो। तुम इतने अपरिपक्व हो। तुम अब भी लोगों की पीठ पर छुरा भोंकते हो।’’

गेल सीपीएल के पहले चार सत्र में तालावाह की टीम की ओर से खेले थे। इसके बाद वह अगले दो सत्र में सेंट किट्स एवं नेविस पेट्रिअट्स की ओर से खेले और फिर पिछले सत्र में मार्की खिलाड़ी के रूप में तालावाह की टीम से जुड़े।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 05:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).