खेल की खबरें | गावस्कर ने पंत की तुलना अल्कारेज से की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भारत के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तुलना विंबलडन एकल के गत चैंपियन स्पेन के कार्लोस अल्कारेज से की है क्योंकि दोनों ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करके अपने-अपने खेलों को रोमांचक बना दिया है।
लंदन, 10 जुलाई महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भारत के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तुलना विंबलडन एकल के गत चैंपियन स्पेन के कार्लोस अल्कारेज से की है क्योंकि दोनों ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करके अपने-अपने खेलों को रोमांचक बना दिया है।
विंबलडन की मेजबानी कर रहे प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब का दौरा करने के बाद गावस्कर ने कहा कि पंत और अल्कारेज काफी हद तक एक जैसे हैं।
गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर कहा, ‘‘अल्कारेज बहुत अच्छी तरह से मूव कर रहे हैं और उनके पास सभी शॉट खेलने की क्षमता है। वह कभी-कभी थोड़े शोमैन भी हो सकते हैं जब आपको लगता है कि उन्हें शॉट लगाकर प्वाइंट जीतना चाहिए तो वह ड्रॉप शॉट लगाने की कोशिश करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन लोग यही देखने आते हैं, यह ऋषभ पंत को देखने जैसा है। पंत के साथ आपको अप्रत्याशित की उम्मीद करनी होती है। इसी तरह अल्कारेज के साथ आपको अप्रत्याशित की उम्मीद करनी होती है। यही बात उन्हें इतना रोमांचक बनाती है।’’
विंबलडन और भारत की इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला एक साथ होने के कारण कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटर ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब में टेनिस का आनंद लेते देखे गए हैं।
गावस्कर ने कहा कि वह यहां के प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदान लॉर्ड्स से अधिक बार ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब जाते हैं।
गावस्कर ने भारतीय टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज से कहा, ‘‘इस समय के आसपास जब भी मैं इंग्लैंड में होता हूं तो मैं विंबलडन देखने जाता हूं लेकिन अगर भारत नहीं खेल रहा होता है तो मैं शायद ही लॉर्ड्स जाता हूं। तो हां, कोई कह सकता है कि मैं लॉर्ड्स जाने से अधिक बार यहां आता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि जोकोविच जीतें क्योंकि यह उनका 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब होगा। किसी ने भी 25 ग्रैंडस्लैम खिताब नहीं जीते हैं इसलिए यह शानदार होगा। मेरा दिल जोकोविच के लिए है लेकिन मुझे लगता है कि मेरा दिमाग अल्कारेज के लिए है।’’
हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले भारत के एक और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी चाहते हैं कि जोकोविच विंबलडन खिताब जीतें। वह भी कुछ दिन पहले अपनी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ विंबलडन देखने गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

