गैस रिसाव : राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति ने स्थिति का जायजा लिया
एनसीएमसी की बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों ने भाग लिया। कैबिनेट सचिव ने मौजूदा स्थिति, तैयारियों, बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया।
नयी दिल्ली, आठ मई कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक फैक्टरी में गैस रिसाव से पैदा हुयी स्थिति का जायजा लिया।
एनसीएमसी की बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों ने भाग लिया। कैबिनेट सचिव ने मौजूदा स्थिति, तैयारियों, बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने राज्य सरकार को सभी जरूरी सहायता दिए जाने का निर्देश दिया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव ने समिति को जमीनी स्थिति के साथ ही संयंत्र में रिसाव रोकने तथा लोगों को हटाने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी। वह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।
बयान के अनुसार टैंकों से रिसाव रोकने के लिए किए गए सभी प्रयासों की भी जानकारी दी गयी। बैठक में स्वास्थ्य और पानी तथा हवा की गुणवत्ता पर गैस के दीर्घकालिक प्रभाव से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बयान में कहा गया है कि सुरक्षा के संबंध में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी परामर्श लिए जाएंगे।
चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ भी इसी तरह से परामर्श लिएए जाएंगे ताकि दिशानिर्देश तैयार किए जा सकें।
बैठक में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल तथा फार्मास्यूटिकल मंत्रालयों के सचिवों के साथ ही एनडीआरएफ के महानिदेशक और एम्स के निदेशक और गृह मंत्रालय तथा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी शामिल हुए।
एक दिन पहले हुई इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गयी थी और एक हजार से ज्यादा लोग बीमार हो गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

