एजेंसी न्यूज

विशाखापत्तनम में दूसरी बार गैस रिसाव नहीं हुआ : एनडीआरएफ महानिदेशक

प्रधान ने इस बात पर भी जोर दिया कि जो धुंआ उठता हुआ दिख रहा था वह एक “तकनीकी” मुद्दा था और इससे घबराने की जरूरत नहीं है।

विशाखापत्तनम में दूसरी बार गैस रिसाव नहीं हुआ : एनडीआरएफ महानिदेशक
जमात

नयी दिल्ली, आठ मई राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के प्रमुख एस एन प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि विशाखापत्तनम में कोई दूसरा रिसाव नहीं हुआ है और मौके पर मौजूद विशेषज्ञ रिसाव की गु्ंजाइश पूरी तरह खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।

प्रधान ने इस बात पर भी जोर दिया कि जो धुंआ उठता हुआ दिख रहा था वह एक “तकनीकी” मुद्दा था और इससे घबराने की जरूरत नहीं है।

एनडीआरएफ के महानिदेशक ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘दूसरे रिसाव के बारे में कुछ अफवाहें और मीडिया में खबरें हैं। मैं स्पष्ट करता हूं कि यह सच नहीं है।’’

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया था कि विशाखापत्तनम में “मामूली तकनीकी रिसाव” हुआ था जिसे नियंत्रित कर लिया गया और इसे निष्प्रभावी करने का काम जारी है।

बृहस्पतिवार को, विशाखापत्तनम में गोपालपत्तनम के आर आर वेंकटपुर इलाके में स्थित एलजी पोलिमर्स से स्टायरिन गैस रिसाव से 11 लोगों की मौत हो गई थी और जहरीले पदार्थ के संपर्क में आने से 1,000 से अधिक अन्य लोग प्रभावित हुए थे।

मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग शोध संस्थान (नीरी) की टीम स्थानीय प्रशासन को सहयोग देने के लिए मौके पर है।

महानिदेशक ने कहा, ‘‘इसका रिसाव से कोई लेना-देना नहीं है और इसलिए यह मानने का कोई कारण नहीं है कि दूसरा रिसाव हुआ है।’’

प्रधान ने कहा कि विशेषज्ञ तकनीकी कार्य कर रहे हैं और “मुझे यकीन है कि वे रिसाव बंद करने की प्रक्रिया की सफलता के बारे में हमें आगे बता पायेंगे।

उन्होंने बताया कि रिसाव के प्रभाव को बेअसर करने के लिए जरूरी रसायनों को दमन से भेज दिया गया है और यह पर्याप्त मात्रा में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).