गंगवार ने मजदूर संघों के साथ वेबवार्ता को टाला
इससे पहले 10 केंद्रीय मजदूर संघों ने समय की कमी के कारण एक मई को होने वाली इस वार्ता को टालने का आग्रह किया था।
नयी दिल्ली, एक मई श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में मजदूर संघों के साथ आयोजित होने वाली वेबवार्ता को आगे बढ़ाकर छह मई के लिए निर्धारित किया है।
इससे पहले 10 केंद्रीय मजदूर संघों ने समय की कमी के कारण एक मई को होने वाली इस वार्ता को टालने का आग्रह किया था।
मजदूर संघों ने श्रम मंत्री को भेजे एक संयुक्त पत्र में कहा, ‘‘हमारे अनुरोध पर विचार करने और केंद्रीय मजदूर संघों के साथ छह मई को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक एक अलग बैठक तय करने के लिए हम आपको धन्यवाद देते हैं।’’
पत्र में कहा गया, ‘‘हम वेबवार्ता के एजेंडे पर अपने सुझावों के साथ बैठक में भाग लेंगे। इससे हमें अपने विचारों को सामने रखने के लिए आवश्यक समय मिलेगा।’’
मजदूर संघों ने श्रम मंत्री से कहा कि वे मई दिवस के दिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे।
इन श्रम संगठनों में इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, टीयूसीसी, सेवा, एआईसीसीटीयू, एलपीएफ और यूटीयूसी शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 06:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

