चंडीगढ़, 11 अगस्त पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को एक गैंगस्टर को गिरफ्तार किया, जो मोगा में एक हत्या के मामले में मुख्य शूटर था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ) ने मोगा पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी डल्लेवालिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से एक पिस्तौल के साथ पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, जालंधर के डल्लेवाल का रहने वाला डल्लेवालिया गोरू बच्चा गिरोह का सदस्य है। मोगा में 16 जुलाई को संतोख सिंह की उसके ही घर में हत्या किये जाने के मामले में शामिल तीन अन्य शूटर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
डीजीपी यादव ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान के नेतृत्व वाले गैंगस्टर रोधी कार्य बल के एक दल ने विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद मोगा पुलिस के साथ मिलकर जालंधर के मेहतपुर इलाके से डल्लेवालिया को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी चार आपराधिक मामलों में दोषी है और उसे 2016 में गोरया में हत्या के एक मामले में भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था।
एजीटीएफ के सहायक महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बताया कि डल्लेवालिया और गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य षड्यंत्रकारी हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY