देश की खबरें | गंभीर ने इंग्लैंड दौरे के लिए अय्यर को टीम में शामिल नहीं करने के सवाल को टाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को इंग्लैंड दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम में शामिल नहीं करने के सवाल को टाल दिया लेकिन तीन जून को अहमदाबाद में होने वाले आईपीएल फाइनल में देश के सशस्त्र बलों के प्रमुखों को आमंत्रित करने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की सराहना की।
नयी दिल्ली, 28 मई मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को इंग्लैंड दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम में शामिल नहीं करने के सवाल को टाल दिया लेकिन तीन जून को अहमदाबाद में होने वाले आईपीएल फाइनल में देश के सशस्त्र बलों के प्रमुखों को आमंत्रित करने के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की सराहना की।
शानदार फॉर्म में चल रहे अय्यर को 20 जून से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है।
भारत की कमान युवा शुभमन गिल संभालेंगे और ऋषभ पंत उप कप्तान होंगे।
पंजाब किंग्स को अपनी अगुआई में आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचाने वाले अय्यर के बारे में गंभीर ने कहा, ‘‘मैं चयनकर्ता नहीं हूं।’’
हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद गंभीर ने तीनों सेनाओं के प्रमुखों को आईपीएल के खिताबी मुकाबले में आमंत्रित करने के लिए बीसीसीआई की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘यह एक अविश्वसनीय कदम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आम तौर पर बीसीसीआई की बहुत सी बातों पर आलोचना करते हैं लेकिन यह कुछ ऐसा है जो अविश्वसनीय है। बीसीसीआई ने इस दृष्टिकोण से पहल की है कि पूरा देश एक है और पूरे देश को सशस्त्र बलों को उनके बिना शर्त किए गए कार्यों के लिए सलाम करना चाहिए।’’
गंभीर ने कहा, ‘‘इसलिए मुझे लगता है कि बीसीसीआई द्वारा इस तरह की पहल करने के लिए हमें बीसीसीआई और सबसे महत्वपूर्ण रूप से हमारे सशस्त्र बलों को बहुत अधिक श्रेय देना चाहिए जो बिना किसी शर्त हमारी मदद और हमारी रक्षा कर रहे हैं।’’
जनरल उपेंद्र द्विवेदी थल सेना प्रमुख हैं जबकि एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी नौसेना प्रमुख हैं। एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह वायु सेना प्रमुख हैं।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने घोषणा की थी कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए आईपीएल फाइनल के लिए सभी भारतीय सशस्त्र बलों के प्रमुखों, शीर्ष अधिकारियों और सैनिकों को निमंत्रण दिया है।
ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हुई थी। जम्मू-कश्मीर के इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2025 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

