गेल प्रमुख मनोज जैन महानगर गैस के चेयरमैन नियुक्त

(बृहस्पतिवार को जारी अर्थ 61 में सुधार के साथ)

    मुंबई, 15 मई सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनोज जैन को शहर गैस वितरण कंपनी महानगर गैस का भी चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

महानगर गैस ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि जैन ने छह मई को चेयरमैन का पद संभाला। महानगर गैस, मुंबई और इसके उपनगरों में घरों में पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के अलावा वाहनों और औद्योगिक जरूरतों के लिए भी गैस की आपूर्ति करती है।

मनोज जैन मैकेनिकल इंजीनियर और एमबीए डिग्रीधारी हैं। उनके पास गेल के व्यवसाय विकास, परियोजनाएं, ओएंडएम, पेट्रोरसायन, पाइपलाइन इंटिग्रिटी प्रबंधन तथा विपणन क्षेत्र का 34 साल का अनुभव है।

गेल के सीएमडी के रूप में, वह गेल की गेल ग्लोबल यूएसए इंक, गेल ग्लोबल यूएसए एलएनजी, गेल गैस, ब्रह्मपुत्र क्रैकर और पॉलिमर, कोंकण एलएनजी और पेट्रोनेट एलएनजी जैसी गेल की सहायक कंपनियों के चेयरमैन भी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)