एजेंसी न्यूज

CSK Beat LSG, IPL 2023: चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स का जलवा बरकरार, लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से हराया

रूतुराज गायकवाड़ और डेवोन कोंवे की शतकीय साझेदारी के बाद मोईन अली की जबर्दस्त गेंदबाजी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने सोमवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स को 12 रन से हराकर अपने गढ चेपॉक पर चार साल बाद शानदार वापसी की.

CSK Beat LSG, IPL 2023: चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स का जलवा बरकरार, लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से हराया
सीएसके (Photo Credits: IPL/Twitter)

चेन्नई, तीन अप्रैल रूतुराज गायकवाड़ और डेवोन कोंवे की शतकीय साझेदारी के बाद मोईन अली की जबर्दस्त गेंदबाजी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने सोमवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स को 12 रन से हराकर अपने गढ चेपॉक पर चार साल बाद शानदार वापसी की. चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 217 रन बनाये । जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 205 रन ही बना सकी. चेन्नई के लिये अली ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लिये और लखनऊ के शीर्षक्रम को तहस नहस कर दिया । तुषार देशपांडे ने भी दो विकेट चटकाये. यह भी पढ़ें: चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से हराया, मोईन अली ने झटके 4 विकेट

लखनऊ के लिये काइल मायर्स ने लगाकार दूसरे मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंद में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाये जबकि निकोलस पूरन ने आखिरी ओवरों में 28 गेंद में 32 रन की पारी खेली. इनके अलावा कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. कप्तान केएल राहुल 20 रन बनाकर आउट हो गए थे.

इससे पहले चेन्नई के लिये गायकवाड़ ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई तो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 89 मीटर का छक्का जड़कर टीम के गढ चेपॉक स्टेडियम पर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. ‘थाला’ धोनी ने दो छक्के जड़े लेकिन मार्क वुड को तीसरा छक्का जड़ने के प्रयास में तीन गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए.

गायकवाड़ ने 37 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाये जबकि डेवोन कोंवे ने 29 गेंद में 47 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे. शिवम दुबे ने 16 गेंद में 27 रन बनाये जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल थे.

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को पांच विकेट लेने वाले वुड ने चार ओवर में 49 रन देकर तीन विकेट चटकाये.

लखनऊ के लिये लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिये.

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर गायकवाड़ और कोंवे ने पहले छह ओवर में 79 रन बनाये. पहले मैच में 92 रन बनाने वाले गायकवाड़ ने उस लय को कायम रखा और न्यूजीलैंड के कोंवे ने उनका पूरा साथ दिया । चेन्नई के 100 रन आठवें ओवर में बने.

गायकवाड़ ने के गौतम के पहले ओवर में तीन छक्के लगाये. तेज गेंदबाज आवेश खान ने दूसरे ओवर की पहली चार गेंद में ही 16 रन दे डाले । उन्होंने तीन ओवर मे 39 रन देकर बेन स्टोक्स का विकेट लिया. इससे पहले मैदान पर कुत्ता आने के कारण मैच कुछ मिनट विलंब से शुरू हुआ.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2023 11:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).