एजेंसी न्यूज

गडकरी ने उद्योग से कहा, सरकार से दो-तीन दिनों में वित्तीय पैकेज की उम्मीद

सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि सरकार उद्योग के साथ खड़ी है लेकिन सरकार की सीमाओं को भी समझने की जरूरत है।

गडकरी ने उद्योग से कहा, सरकार से दो-तीन दिनों में वित्तीय पैकेज की उम्मीद
जमात

नयी दिल्ली, 11 मई केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को उम्मीद जतायी कि केंद्र अगले दो-तीन दिनों में वित्तीय पैकज की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक की तरफ से कर्ज भुगतान के लिये तीन महीने की मोहलत के बावजूद स्थिति काफी खराब है।

सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि सरकार उद्योग के साथ खड़ी है लेकिन सरकार की सीमाओं को भी समझने की जरूरत है।

गडकरी ने कहा, ‘‘हम लोगों को सुरक्षित रखने के लिये अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि जापान और अमेरिकी सरकारों ने वृहत आर्थिक पैकेज की घोषणा की और हमें ध्यान रखना चाहिए कि उनकी अर्थव्यवस्थाएं भारत से कहीं बड़ी हैं।

कोरोना वायरस संकट और उसकी रोकथाम के लिये ‘लॉकडाउन’ से लोगों की समस्याओं को देखते हुए रिरजर्व बैंक ने 27 मार्च को कर्ज भुगतान के लिये तीन महीने की मोहलत समेत कई उपायों की घोषणा की।

तेलंगाना के उद्योग के साथ वीडियो कांफ्रेन्स के जरिये बातचीत में मंत्री ने कहा कि उन्होंने वित्त मंत्रालय को ऐसी संभावना तलाशने को कहा है जिससे आयकर और जीएसटी (माल एवं सेवा कर) वापसी भुगतान तत्काल संबंधित व्यक्ति के खाते में अंतरित किया जा सके।

गडकरी ने कहा कि उन्होंने एमसएसमई और उद्योग के साथ बातचीत में जो चीजें सामने आयी थी, उसे वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के साथ साझा किया।

मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिनों के भीतर वह सरकार से पैकेज की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम उसका इंतजार कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).