देश की खबरें | गडकरी ने शिवसेना के नेता पर महाराष्ट्र में राजमार्ग परियोजनाओं में बाधा डालने का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर दावा किया है कि सत्तारूढ़ शिवसेना के स्थानीय नेता राज्य में उनके मंत्रालय की कई सड़क परियोजनाओं में बाधा डाल रहे हैं।
नागपुर, 13 अगस्त केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर दावा किया है कि सत्तारूढ़ शिवसेना के स्थानीय नेता राज्य में उनके मंत्रालय की कई सड़क परियोजनाओं में बाधा डाल रहे हैं।
उन्होंने 25 जुलाई को लिखे गए पत्र में चेतावनी दी कि अगर स्थानीय नेताओं द्वारा ठेकेदारों एवं अधिकारियों का ‘उत्पीड़न’ जारी रहा तो केंद्रीय मंत्रालय को विचार करना होगा कि इन परियोजनाओं को जारी रहना चाहिए अथवा नहीं। यह पत्र शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गडकरी 1990 के दशक में महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा की सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि अकोला, नांदेड़, वाशिम और उस्मानाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन में तब्दील करने और पुल बनाने की कई परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन ठाकरे नीत शिवसेना के जनप्रतिनिधि इन कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि ठेकेदारों एवं अधिकारियों से ‘‘अवैध मांग कर’’ उनका उत्पीड़न किया जा रहा है और कुछ मामलों में स्थानीय नेताओं ने काम रोक दिया है।
गडकरी ने दावा किया कि अकोला और नांदेड़ के बीच 202 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन में बदलने के कार्य और गेदशी से वाशिम के बीच 12 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण का कार्य शिवसेना के स्थानीय नेताओं ने रोक दिया है। उन्होंने कहा कि मालेगांव से रिसोड राष्ट्रीय राजमार्ग का काम पूरा हो गया है लेकिन पेनगंगा नदी पर एक पुल का निर्माण नहीं हो पा रहा है क्योंकि स्थानीय नेताओं ने ठेकेदार को धमकी दी है और काम रोक दिया है।
उन्होंने इसके अलावा कई अन्य परियोजनाओं का भी पत्र में जिक्र किया है जहां शिवसेना के स्थानीय नेता इसमें बाधा डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ठाकरे को हस्तक्षेप करना चाहिए और इसका समाधान निकालना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)