खेल की खबरें | गैबी और लियाह के अर्धशतक, आयरलैंड के सात विकेट पर 238 रन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय टीम के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए आयरलैंड ने कप्तान गैबी लुईस की 92 रन की शानदार पारी और उनकी लियाह पॉल (59 रन) के साथ 117 रन की साझेदारी से शुक्रवार को यहां शुरूआती महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सात विकेट पर 238 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
राजकोट, 10 जनवरी भारतीय टीम के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए आयरलैंड ने कप्तान गैबी लुईस की 92 रन की शानदार पारी और उनकी लियाह पॉल (59 रन) के साथ 117 रन की साझेदारी से शुक्रवार को यहां शुरूआती महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सात विकेट पर 238 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम 14वें ओवर में 56 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी लेकिन लुईस (129 गेंद, 15 चौके) और लियाह के साथ पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की मदद से टीम अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब रही।
तीन कैच छूटने और कुछ बेकार क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए लुईस और लियाह की जोड़ी ने भारत के खिलाफ टीम की पहली शतकीय साझेदारी बनाई।
भारत की मध्यम तेज गेंदबाज टिटास साधु ने पहली सफलता हासिल की, जब उन्होंने सारा फोर्ब्स (09) को स्लिप कॉर्डन में दीप्ति शर्मा के हाथों कैच आउट कराया।
भारत का पहला दौरा कर रही आयरलैंड की टीम उना रेमंड होई (05) के रन आउट होने के बाद 34 रन तक दो विकेट गंवा चुकी थी।
ओर्ला प्रेंडरगास्ट (09) आउट होने वाली अगली खिलाड़ी रही जिन्हें विकेटीपर ऋचा घोष ने लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा की गेंद पर स्टंप आउट किया और 14वें ओवर में स्कोर तीन विकेट पर 56 रन हो गया।
इसके बाद प्रिया ने अगली ही गेंद पर खूबसूरत गुगली से लौरा डेलानी को आउट किया और इसी स्कोर पर उसका चौथा विकेट गिर गया।
मेहमान टीम को एक अच्छी साझेदारी की दरकार थी और लियाह के क्रीज पर उतरते ही उसकी उम्मीद पूरी हुई। दोनों ने शतकीय साझेदारी निभाई। पर लुईस की पारी दीप्ति ने समाप्त की। इस गेंदबाज ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका। आउट होने से पहले लुईस हाथ की मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान थीं।
आर्लेने केली ने फिर 25 गेंद में 28 रन की उपयोगी पारी खेली।
इससे पहले भारत ने आल राउंडर सयाली सतघरे का वनडे पदार्पण कराया। मेजबान टीम ने नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को तीन मैच की श्रृंखला में आराम दिया है जिससे सीनियर सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना टीम की अगुआई कर रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 10, 2025 03:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

