देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन : यातायात प्रतिबंधों के बीच पुलिस ने फोन के जरिए की लोगों की मदद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर लागू किए गए यातायात प्रतिबंधों के बीच यातायात पुलिस ने फोन के जरिए लोगों की मदद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ सितंबर दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर लागू किए गए यातायात प्रतिबंधों के बीच यातायात पुलिस ने फोन के जरिए लोगों की मदद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर लोगों ने फोन कर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सबसे कम प्रभावित मार्गों के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात पुलिस को उसके हेल्पलाइन नंबर 011-25844444 पर दक्षिण दिल्ली के चिराग दिल्ली क्षेत्र में यातायात जाम के बारे में केवल एक कॉल प्राप्त हुई क्योंकि यह छुट्टी का दिन है। हालांकि, दिल्ली में वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रही।
यातायात अधिकारी लोगों के सवालों का जवाब देने का प्रयास कर रहे थे क्योंकि लोग कॉल कर रहे थे और राष्ट्रीय राजधानी में उपलब्ध मार्गों के बारे में पूछ रहे थे।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हम उन्हें कम से कम प्रभावित मार्गों को कवर करके उनके गंतव्य स्थानों तक पहुंचने के लिए उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं।’’
जी20 शिखर सम्मेलन प्रगति मैदान में हो रहा है, जिसके आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जबकि नयी दिल्ली और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों या बस टर्मिनलों तक आने-जाने के लिए 'जी20 समिट वर्चुअल हेल्प डेस्क' पर वास्तविक समय की यातायात संबंधी ताजा जानकारी का पालन करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे शहर में आसानी से घूमने के लिए नेविगेशन ऐप 'मैपमायइंडिया' का उपयोग करें और इसके वर्चुअल हेल्प डेस्क पर वास्तविक समय पर यातायात संबंधी ताजा जानकारी प्राप्त करें।
सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों, अंतरराज्यीय बसों और दिल्ली परिवहन निगम एवं दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम की बसों को मथुरा रोड (आश्रम चौक से आगे), भैरों रोड, पुराना किला रोड और प्रगति मैदान सुरंग के अंदर आठ सितंबर आधी रात से 10 सितंबर रात 11 बजकर 59 मिनट तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने कहा कि नयी दिल्ली जिले में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों, एम्बुलेंस और पर्यटकों को उचित पहचान पत्र प्रस्तुत कर यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)