देश की खबरें | जी20 सम्मेलन : एनडीएमसी ने लुटियंस दिल्ली में हजारों फूलों से पेड़ों को सजाया

नयी दिल्ली, आठ सितंबर लुटियंस दिल्ली एक विशाल रंग-बिरंगे बगीचे की तरह नजर आ रही है, जहां एनडीएमसी ने जी20 अतिथियों के गुजरने वाले चिह्नित मार्गों पर लगे पेड़ों को गेंदा, गुलदाउदी और गुलबहार के हजारों फूलों से सजाया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा सरदार पटेल रोड पर लगभग 1,200 पेड़ों और महत्वपूर्ण चौराहों को सजाया गया है।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि जी20 के ‘लोगो’ और नारे - ‘वसुधैव कुटुंबकम - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ को प्रमुखता से प्रदर्शित करने वाले फूलों से सजे 20 बोर्ड भी शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये सजावटी बोर्ड 11 मूर्ति, विंडसर प्लेस और उन होटलों के पास लगाए गए हैं, जहां विदेशी मेहमान ठहरे हुए हैं।

उपाध्याय ने कहा कि एनडीएमसी ने सजावट के लिए स्थानीय बाजारों से हजारों फूल खरीदे हैं।

उपाध्याय ने कहा, ‘‘हमने सौंदर्यीकरण कार्य के लिए पीले और नारंगी रंग के फूलों के 3,000 गुलदस्ते, गुलदाउदी के 900 गुलदस्ते और गुलबहार तथा गुम्फ्रिना जैसी अन्य किस्मों के हजारों फूलों का उपयोग किया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)